भरमौर में होगी हींग की खेती

By: Aug 13th, 2018 12:01 am

भरमौर – जनजातीय क्षेत्र भरमौर में हींग की खेती के साथ हाइड्रोपोनिक फार्मिंग की संभावनाएं देखी जाएंगी। इसके लिए कृषि वैज्ञानिकों की मदद ली जाएगी और यह प्रयास सफल रहता है, तो लाहुल के बाद भरमौर देश का ऐसा क्षेत्र बन जाएगा, जहां पर हींग की खेती होगी। यह बात भरमौर विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचे कृषि मंत्री राम लाल मार्कंडेय ने हलके की उपतहसील मुख्यालय होली में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। कृषि मंत्री ने कहा कि देश में हींग की खेती कहीं भी नहीं होती। हाल ही में हिमाचल के लाहुल में इसकी खेती शुरू की गई है। हींग का उत्पादन पड़ोसी देश पाकिस्तान में होता है और इसकी कीमत भी बहुत होती है। नतीजतन जनजातीय क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां देखते हुए यहां भी वैज्ञानिकों की मदद लेकर हींग की खेती की संभावनाएं देखी जाएंगी। जनजातीय क्षेत्र भरमौर विकास के मामले में अभी भी बहुत पीछे है। लिहाजा उन्होंने आश्वस्त किया कि यहां विकास कार्यों हेतु बजट की कोई कमी नहीं रहेगी, बशर्ते कार्य जमीनी स्तर पर दिखने के साथ-साथ इनकी गुणवत्ता भी होनी चाहिए। किसानों को कृषि और बागबानी के आधुनिक तरीकों से रू-ब-रू करवाने के लिए भरमौर क्षेत्र में अगले माह किसान मेले का आयोजन किया जाएगा।

लाडा के पैसे का दुरुपयोग नहीं

जनजातीय विकास मंत्री ने हैरानी जताई कि यहां विद्युत परियोजनाओं के निर्माण कार्य चल रहे हैं और कइयों के प्रस्तावित है। लिहाजा लाडा के तहत मिलने वाली राशि कहां खर्च हुई है, यह सवाल है। उन्होंने दो टूक कहा है कि लाडा की राशि का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। इस मौके पर विधायक जिया लाल समेत प्रशासनिक अधिकारी व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App