भारत की ओर से क्लीन चिट मिलने के बाद दी नागरिकता

By: Aug 4th, 2018 12:03 am

नई दिल्ली — बैंकिंग घोटाले के आरोपी और भगोड़े मेहुल चोकसी को नागरिकता देने पर एंटीगुआ सरकार ने सफाई दी है कि भारत सरकार ने भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को क्लीन चिट दे दी थी उसके बाद ही उसे नागरिकता दी गई है। एंटीगुआ का कहना है कि भारत सरकार से चोकसी के खिलाफ कोई सूचना नहीं थी। यहां तक की सेबी ने भी चोकसी के नाम पर मंजूरी दी थी। चोकसी के बैकग्राउंड की सख्ती से जांच की गई, लेकिन उसके खिलाफ कुछ नहीं मिला था। गौरतलब है कि एंटीगुआ प्राधिकरण ने पुष्टि की है कि भारत में वांछित मेहुल चोकसी उनके देश में है। मेहुल चोकसी को कथित तौर पर भारत में दो अरब डालर के घोटाले का मास्टरमाइंड माना गया है। वह नीरव मोदी का मामा है। एंटीगुआ की ओर से कहा गया है कि अगर भारत सरकार की ओर से मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण के लिए कहा जाता है तो यहां की सरकार उसके अनुरोध का सम्मान करेगी। उधर, कांग्रेस ने शुक्रवार को मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि एंटीगा की तरफ से आई ‘चौंका देने वाली जानकारी’ से साफ होता है कि मोदी सरकार की मदद से ही मेहुल चौकसी को भागने में मदद मिली है। मीडिया में एंटीगा अथॉरिटी की तरफ से आई जानकारी के बाद पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए यह बात कही। सुरजेवाला ने कहा कि पहले लूट करवाना और फिर उन्हें भगाना मोदी सरकार नीति बन गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App