मंत्री जी भागसूनाग पहुंचे… शक होने पर खुद उखाड़ीं टाइलें

By: Aug 20th, 2018 12:10 am

 धर्मशाला —खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने रविवार को विभागीय अधिकारियों के साथ पर्यटन नगरी में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भागसूनाग मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण के कार्य और रास्ते की गुणवत्ता जांचने को टाइलें भी उखाड़ दी, साथ ही प्रयोग किए जाने वाले सीमेंट और मैटीरियल की भी जांच की। इस दौरान उन्होंने कार्य में हल्की लापरवाही पाई है, जिसे जल्द ही दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए हैं। वहीं , अधिकारियों सहित ठेकेदारों को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं। मंत्री किशन कपूर ने कहा कि करोड़ों रुपए खर्च कर पर्यटन विकास की योजनाएं चलाई जा रही है। ऐसे में कार्यों को गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए ही पूरा किया जाएगा। खाद्य आपूर्ति मंत्री ने रविवार को मौके पर जाकर भागसूनाग मंदिर, अघंजर महादेव मंदिर और साथ लगते क्षेत्र के सौंदर्यीकरण कार्य सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। पर्यटन अधोसंरचना विकास निवेश परियोजना के तहत एशियाई विकास बैंक द्वारा वित्त पोषित इन परियोजनाओं पर करीब दस करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। इसमें भागसूनाग मंदिर एवं साथ लगते क्षेत्र के विकास पर 3.48 करोड़ रुपए और अघंजर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण पर 7.33 करोड़ रुपए खर्चे जा रहे हैं। किशन कपूर ने कार्यों की धीमी गति पर ठेका लेने वाली एजेंसी के पदाधिकारियों को फटकार लगाई और ठेकेदार को कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एशियाई विकास बैंक के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि जानबूझ कर कार्य लटकाने और लापरवाही पर ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किया जाए। इस मौके एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रमोत्रा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी मधु चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष रमेश जरयाल, पार्षद वीरू वालिया, विपिन नेहरिया सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, एशियाई विकास बैंक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App