मछली देगी पर्यावरण संरक्षण का संदेश

By: Aug 20th, 2018 12:05 am

बिलासपुर —प्रदेश में बिलासपुर पहला ऐसा शहर होगा, जहां से पर्यावरण संरक्षण के लिए जिला बिलासपुर प्रशासन की तरफ से एक अनूठी पहल की गई है। प्लास्टिक बोतलों व कैन के जरिए ग्लोब पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती हुई एक सिंबॉलिक मूर्ति शहर के बीचोंबीच चंपा पार्क में स्थापित की जाएगी। इस बाबत योजनाबद्ध ढंग से कार्य चल रहा है और मूर्ति के निर्माण का जिम्मा प्रसिद्ध चित्रकार एवं मूर्तिकार विजयराज उपाध्याय को सौंपा गया है। खास बात यह है कि मूर्ति का निर्माण कार्य जल्द पूरा हो जाएगा और इसी माह के अंत तक मूर्ति को तय स्थान पर स्थापित करने की योजना है। विजयराज उपाध्याय ने बताया कि प्लास्टिक की बोतल और कैन एकत्रित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती हुई मछली की प्रेरणाप्रद सिंबॉलिक मूर्ति तैयार की जा रही है। जनसहयोग से हुई कलेक्शन के तहत काफी मात्रा में प्लास्टिक की बोतलें व कैन एकत्रित हो चुके हैं और लगभग कार्य भी पूरा हो चुका है। सिर्फ प्लास्टिक की बोतलें व कैन ही मूर्ति में फिट किए जाने बाकी हैं। उम्मीद है कि इसी माह के अंत तक मूर्ति चंपा पार्क में स्थापित कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 से 20 फीट की ग्लोब पर विशालकाय मछली की मूर्ति बिलासपुर शहर में किसी आकर्षण से कम नहीं होगी। यह बिलासपुर के जिलाधीश विवेक भाटिया की पहल है, जिसे मूर्तरूप देने का जिम्मा उन्हें सौंपा गया है। विजयराज उपाध्याय के अनुसार इस तरह की मूर्तियां आगे भी तैयार की जाएंगी क्योंकि इससे न केवल प्लास्टिक कचरे से निजात मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी यह एक सराहनीय कार्य होगा।

पर्यावरण संरक्षण के लिए वचनबद्ध

उपायुक्त विवेक भाटिया की मानें तो जल्द ही बिलासपुर शहर के चंपा पार्क में ग्लोब पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती हुई मछली की एक भव्य सिंबॉलिक मूर्ति नजर आएगी। मूर्ति तैयार करने का कार्य मूर्तिकार विजयराज उपाध्याय कर रहे हैं। सिंबॉलिक मूर्ति जल्द ही तैयार होगी और कोशिश की जा रही है कि इसी माह के अंत तक इसकी स्थापना की जाए। पर्यावरण संरक्षण ध्येय हमारा थीम के तहत जनता को जागरूक भी किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App