योगी राज में अब बापू की प्रतिमा भी भगवामय

By: Aug 4th, 2018 12:03 am

लखनऊ— यूपी के शाहजहांपुर में महात्मा गांधी की प्रतिमा को भगवा रंग में रंगने का एक मामला सामने आया है। यह प्रतिमा पिछले 20 साल से सफेद रंग की थी, लेकिन अचानक रातों-रात इसे भगवा रंग दिया गया। यूपी में योगी आदित्यनाथ के राज में रोडवेज बसों, शौचालय, थाने, टोल प्लाजा और हज हाउस समेत कई इमारतों को भगवा रंग में रंगने के बाद प्रतिमाओं को भी भगवामय किया जा रहा है। शाहजहांपुर में अब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को ही भगवा रंग में रंग दिया गया है। मामला थाना बंडा के ढाका घनश्यामपुर गांव का है। जहां ग्राम सभा की जमीन पर 20 साल पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। 20 साल के बाद अचानक ही इस गांव में रातों-रात गांधी जी की प्रतिमा को भगवा रंग में रंगकर उन्हें भगवाधारी बना दिया गया। हालांकि नीचे प्रतिमा पर लाल रंग से राष्ट्रपिता लिखा हुआ है। इलाके के लोगों में इसे लेकर खासा गुस्सा है। यह मामला सामने आते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। एडीएम सर्वेश कुमार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App