राष्ट्रीय जीवन के विराट व्यक्तित्व

By: Aug 18th, 2018 12:01 am

नई दिल्ली — कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह हमारे राष्ट्रीय जीवन के विराट व्यक्तित्व थे, उनके निधन से शून्य पैदा हो गया है। श्रीमती गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि मुझे श्री वाजपेयी के निधन से गहरा दुख पहुंचा है। श्री वाजपेयी हमारे राजनीतिक जीवन के विराट व्यक्तित्व थे। वह जीवनभर लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए संघर्ष करते रहे। उन्होंने एक सांसद, एक कैबिनेट मंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यों से अपनी प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया। श्रीमती गांधी ने कहा कि वह मंत्र मुग्ध करने वाले वक्ता, महान द्रष्टा, राष्ट्र हित में सर्वोच्च देशभक्त थे, लेकिन इन सभी से बढ़कर वह उदार और विशाल हृदयी थे। अन्य राजनीतिक दलों, विदेशी सरकारों, गठबंधन के सहयोगियों और अपने राजनीतिक सहयोगियों से हुए उनके सभी संवादों से यह स्पष्ट होता है। वह सभी के साथ सम्मानपूर्वक और शालीनता के साथ व्यवहार करते थे। उन्होंने कहा कि उनके खुशमिजाज व्यक्तित्व और मित्रतापूर्ण व्यवहार के कारण जीवन के प्रत्येक क्षेत्र और सभी राजनीतिक दलों में उनके मित्र और प्रशंसक थे। उनके निधन से बड़ा शुन्य पैदा हो गया है। मैं लाखों-करोड़ों भारतीयों के साथ मिलकर उनकी दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करती हूं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App