शहीदों के सम्मान में 361 फुट लंबा ‘तिरंगा कांवड़’ लेकर निकले शिवभक्त

By: Aug 5th, 2018 12:03 am

मुजफ्फरनगर — सावन के महीने में पश्चिम उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। वेस्ट यूपी के कई जिलों से निकलने वाली कांवड़ यात्रियों की भीड़ से जहां दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर एक अलग नजारा दिख रहा है, वहीं बुलंदशहर की एक विशेष तिरंगा कांवड़ यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। तिरंगा कांवड़ यात्रा के दौरान 361 फुट का राष्ट्रीय ध्वज लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बुलंदशहर के केशोपुर सथला गांव के 35 शिवभक्त कांवड़ यात्रा के दौरान 361 फुट का तिरंगा अपने साथ लेकर चल रहे हैं। शिवभक्तों का यह जत्था हरिद्वार से गंगा जल लेकर अब बुलंदशहर के अपने गांव की ओर रवाना हुआ है।  कांवड़ यात्रा का नेतृत्व कर रहे मूलचंद राजपूत और नरेंद्र सैणी ने बताया कि उन्होंने देश के सम्मान और शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए इस खास तिरंगा यात्रा का आयोजन किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App