सुक्खू से नादौन नाखुश क्यों

By: Aug 4th, 2018 12:05 am

नादौन  – शिमला में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू की लड़ाई का असर अब सुक्खू के गृह क्षेत्र नादौन विधानसभा में भी पहुंच चुका है। नादौन क्षेत्र के प्रसिद्ध कांग्रेसी नेता व पूर्व पंचायत समिति चेयरमैन एवं कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक मंडल के सदस्य आत्म प्रकाश तथा परिवहन निगम के पूर्व सदस्य एंव जिला हमीरपुर कांग्रेस के पूर्व महासचिव सुशील राणा के नेतृत्व में लगभग तीन दर्जन वरिष्ठ कांग्रेसियों द्वारा कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लेना इस क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के लिए गहरा धक्का साबित हो सकता है। आत्म प्रकाश एक ऐसे परिवार से हैं, जहां उन्हें कांग्रेस पार्टी का साथ उनके पुरखों से प्राप्त हुआ है। उनके दिवंगत पिता केहर सिंह भी क्षेत्र के जाने माने दिग्गज कांग्रेसी नेता थे तथा वह भी पंचायत समिति के कांग्रेस समर्थित चेयरमैन पद पर रहे।  आत्म प्रकाश तथा सुशील राणा ने कहा कि सुक्खू दो बार नादौन विधानसभा से जीते। एक बार सुक्खू के विधायक होने के चलते कांग्रेस की ही सरकार रही, जबकि दूसरी बार सुक्खू विपक्ष में रहे तथा तीसरी बार हारने के बाद उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया और वर्तमान समय में सुक्खू नादौन के विधायक व प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष हैं, लेकिन सुक्खू ने अपने कार्यकाल नादौन क्षेत्र के विकास तथा आम व गरीब लोगों की सुध नहीं ली। इससे यहां के लोगों तथा पुराने काग्रेंसी कार्यकर्ताओं की अनदेखी होती रही। इसके  लिए उन्होंने अब मन बनाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में भी जयराम ठाकुर सरकार आम व गरीब लोगों के हित के लिए कार्य कर रही है जिससे आम व्यक्ति खुश है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश, गरीबों और आम व्यक्ति के हित में विकास कर रही है। उन्होनें कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पिछले दिनों नादौन के मानखड्ड पर बने नवनिर्मित पुल के लोकार्पण के समय बटराण तथा ग्वाल पत्थर गावों को जोड़ने वाले मानखड्ड पुल के लिए साढ़े तीन  करोड़ रुपए स्वीकृत कर अपना वायदा पूरा कर दिया है, जबकि इस क्षेत्र के लोग पिछले कई दशकों से यहां पुल बनाने की मांग चल रही थी। संगठन के कई दिग्गज काग्रेंसी भी पार्टी का दामन छोड़ने के लिए तैयार बैठे हैं और आने वाले समय में इससे दूरगामी परिणाम होंगें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App