सुजानपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

By: Aug 10th, 2018 12:07 am

सुजानपुर  – सुजानपुर शहर में गुरुवार को केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ सैकड़ों महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर मनमाना रवैया अपनाने और विशेष रूप से मनरेगा के तहत कार्य करने वाले दिहाड़ीदारों के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। प्रदेश भवन एवं सड़क निर्माण मजदूर यूनियन संबंधित सीटू के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उपमंडल सुजानपुर शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मनरेगा कार्य में आ रही समस्याओं के विरोध में रैली निकाली और एक मांग पत्र खंड विकास अधिकारी को सौंपा। राष्ट्रीय सचिव कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार मनरेगा मजदूरों के हितों का शोषण कर रही है। मनरेगा के कार्य बंद पड़े हैं। अधिकतर पंचायतों में ठेकेदारों के माध्यम से विकास कार्य लगे हैं। सरकार द्वारा मनरेगा दिहाड़ीदारों को समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा। इसके चलते उन्हें कई बार बैंकों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। केंद्र सरकार लगातार मजदूरों का जनता पर हमला कर रही है। श्रम कानून से मिले अधिकारों को छीना जा रहा है। न्यूनतम सुविधाएं तक नहीं दी जा रही, बड़े-बड़े कारपोरेट घरानों, कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए जनता पर भारी भरकम टैक्स लगाकर बुनियादी जरूरतों में मिलने वाली सबसिडी को छीना जा रहा है। कंपनी पर सरकार खजाना लुटाए जा रही है। उन्होंने कहा कि पांच सितंबर को देश के मजदूर और किसान मिलकर संसद घेराव करेंगे, जिसमें प्रदेश से हजारों मजदूर भाग लेंगे। इस मौके पर जिला सचिव जोगिंद्र कुमार, अनिल मनकोटिया, विवेक राणा, सुरेश, सुशील, विजय, रवि व सुषमा आदि महिलाएं मौजूद रहीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App