16 टायर वाला ट्राला पलटा…एनएच बंद

By: Aug 23rd, 2018 12:10 am

टौणीदेवी —हमीरपुर से अवाहदेवी राष्ट्रीय उच्च मार्ग-तीन करीब 16 घंटे तक बंद रहा। जानकारी के अनुसार ऊहल चौक में 16 टायरों का ट्राला मंगलवार रात करीब दस बजे गोदाम में टाइलें रखने के दौरान मिट्टी धंसने से एनएच तीन पर पलट गया। हालांकि इसमें चालक को मामूली चोटें आई हैं। सड़क मार्ग में ट्राला लुढ़कने से यातायात पूरी तरह से बंद हो गया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। यातायात को टौणीदेवी अस्पताल चौक से टपरे स्वाहालवा, बसंतपुर, सीसवा, बारीं मंदिर वैकल्पिक मार्ग से अवाहदेवी व ऊहल के लिए शुरू किया गया है। इसके चलते लिंक रोड पर जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। वाहनों की संख्या अधिक होने के चलते निगम की बसें भी निर्धारित समय से एक घंटा देरी से चल रही थीं। सूत्रों की मानें तो जहां पर टाइलों से भरा ट्राला लुढ़का उससे महज दो इंच की दूरी पर दुकानें व आवासीय निवास हैं। इसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया है। यही नहीं, रात को बारिश होने के चलते सड़क का पूरा पानी साथ की दुकानों में घुस गया है। इसके चलते दुकानदारों को भी काफी नुकसान झेलना पड़ा है। टाइलों से भरे ट्राला को क्रेन की मदद से बुधवार दोपहर करीब अढ़ाई बजे सड़क से हटा दिया गया। उसके उपरांत सड़क मार्ग दोबारा यातायात के लिए सुचारू रूप से खोल दिया गया। इसके चलते वाहन चालकों व यात्रियों ने राहत की सांस ली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App