48 घंटे में ही मार गिराया आतंकी बना बीटेक छात्र

By: Aug 4th, 2018 12:02 am

श्रीनगर— जम्मू-कश्मीर के सोपोर में शुक्रवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तोएबा के दो आतंकवादी मारे गए, जबकि सेना का एक जवान शहीद हो गया। शहीद जवान हिमाचल प्रदेश के नयना देवी का बताया जा रहा है। मारे गए आतंकियों में एक बीटेक छात्र खुर्शीद अहमद मलिक है, जिसने दो दिन पहले आतंक का रास्ता अपना लिया था। खुर्शीद दो दिन पहले अपने घर से गायब हो गया था, जिसके बाद उसके परिवार के लोगों को सोशल मीडिया से जानकारी प्राप्त हुई कि उसने आतंकी संगठन का दामन थाम लिया है। इसके बाद उसकी मां और बहन ने एक वीडियो द्वारा उससे आतंक की राह छोड़ घर वापसी की गुहार लगाई थी, लेकिन वह नहीं लौटा और आतंकी बनने के महज 48 घंटे के अंदर मारा गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सोपोर के द्रूसू वाटरगाम इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी के आधार पर राष्ट्रीय रायफल, पुलिस के विशेष अभियान समूह तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा बल गांव के एक खास इलाके की ओर बढ़ने लगे, तभी वहां छिपे आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं। दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए और दो जवान घायल हो गए। घायल जवानों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां एक जवान की मौत हो गई। पुलिस महानिदेशक डा. एसपी वैद्य ने ट््वीट किया कि दोनों आतंकवादियों का शव बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही सोपोर में अभियान समाप्त हो गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि किसी प्रकार की अफवाहों को रोकने के लिए ऐहतियातन मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। सोपोर तथा उसके आसपास के इलाकों में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए हैं। उधर, दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिला में अज्ञात बंदूकधारियों ने शुक्रवार को एक बैंक से नकदी लूट ली और एक सुरक्षा गार्ड की रायफल लेकर फरार हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शोपियां के कपरान गांव में कुछ अज्ञात बंदूकधारी जम्मू-कश्मीर बैंक की शाखा में जबरन घुस गए। इसके बाद बंदूकधारियों ने कर्मचारियों और वहां मौजूद अन्य लोगों को बंदूक का डर दिखाकर बैंक से नकदी लूट ली। नकदी लूटने के बाद बंदूकधारी बैंक में तैनात सुरक्षा गार्ड की रायफल लेकर फरार हो गए। शुरुआती जांच से पता चला कि बंदूकधारियों ने बैंक से करीब 75000 रुपए लूटे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App