अभी नहीं मानने वाला अंबर

By: Sep 11th, 2018 12:01 am

16 तक कुछ जगह बारिश,18 के बाद फिर झमाझम

 शिमला — प्रदेश में मानसून का कहर जारी है। रुक-रुककर हो रही बारिश अभी भी जनजीवन प्रभावित कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 16 सितंबर तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान कुछ जगह बारिश का क्रम जारी रहेगा। हालांकि मौसम विभाग ने 14 सितंबर से मानसून कमजोर रहने की आशंका जताई है, मगर 18 सितंबर के बाद मानसून फिर सक्रिय हा जाएगा। प्रदेश में मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह बारिश रिकार्ड की गई, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है, जबकि सोमवार को मौसम शुष्क रहने से अधिकतम तापमान में उछाल आया है। रविवार को गोहर में 113 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा नयनादेवी में 98, झंडूता में 50, जुब्बड़हट्टी में 34, रेणुकाजी में 28, शिमला में 27, मशोबरा में 20, सुंदरनगर में 17, कुमारसेन में 16, मनाली में 12, कोटखाई में सात और तीसा, कसौली में पांच मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक तीन डिग्री का उछाल आया है। कांगड़ा, केलांग में दो डिग्री, कल्पा, धर्मशाला, बिलासपुर, हमीरपुर में एक डिग्री तक तापमान चढ़ा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि प्रदेश में 16 सितंबर तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान कुछ जगह बारिश का क्रम जारी रहेगा। प्रदेश में 18 के बाद मानसून फिर से रफ्तार पकड़ सकता है।

मकान-गोशालाओं पर बरपा कहर

भारी बारिश से कांगड़ा और मंडी में 28 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसमें अकेले कांगड़ा के 26 मकान शामिल हैं। एक पक्के मकान को भी आंशिक नुकसान हुआ है और पांच कच्चे मकान पूरी तरह से जमींदोज हो गए हैं। बिलासपुर में एक कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। कुल्लू में एक कच्चा मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है और एक दुकान भी जमींदोज हो गई है। मंडी में दो कच्चे मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी में 21 गोशालाएं जमींदोज हुए हैं।

प्रदेश भर में 74 सडक़ें बंद

बारिश के चलते अभी भी 74 सडक़ें अवरुद्ध पड़ी हुई हैं। शिमला जोन में सबसे अधिक 32 सडक़ें बंद हैं। मंडी में 26, हमीरपुर में दो, कांगड़ा में 14 सडक़ें बंद हैं। लोक निर्माण विभाग का दावा है कि 28 सडक़ें सोमवार देर शाम तक बहाल हो जाएंगी। 16 सडक़ें मंगलवार और 30 सडक़ें बुधवार तक बहाल हो जाएंगी। प्रदेश में लोक निर्माण विभाग को नुकसान का आंकड़ा 721 करोड़ तक पहुंच गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App