एक दिन में ही साफ हो गया सुजानपुर शहर

By: Sep 8th, 2018 12:10 am

‘दिव्य हिमाचल’ में खबर छपते ही हरकत में आई नगर परिषद

सुजानपुर — सुजानपुर शहर में फैली गंदगी को लेकर मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ द्वारा उठाए गए इस जनहित के मुद्दे पर असर होता नजर आया है। समाचार प्रकाशित होने के तुरंत बाद नगर परिषद सफाई कर्मी हरकत में आए और पूरे जहां-जहां गंदगी फैली हुई थी, उसको साफ करवाया गया। सफाई कर्मियों के साथ-साथ शहर के वार्ड पार्षदों ने भी इस अभियान में दिलचस्पी दिखाते हुए शहर को साफ-सुथरा रखने का बीड़ा उठाया। उन्होंने अपने सामने कूड़े से भरे डंपरों के स्थान से कूड़ा उठाया। बताते चलें कि  शहर में फैली गंदगी को लेकर मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ में शुक्रवार के मेरा हमीरपुर अंक में  ‘सुजानपुर…वार्ड…वार्ड, कूड़ा…कूड़ा’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद सुजानपुर हरकत में आई और पूरे शहर में स्वच्छता अभियान चलाया। ट्रालियां भर-भरकर कूड़ा-कर्कट डंपिंग साइट स्थल पर भेजा गया। सबसे खास बात यह रही कि खुद वार्ड पार्षदों ने अपने सामने सफाई कर्मियों से कूड़ा उठाया और शहर में स्वच्छता का माहौल बनाया। सुजानपुर के वार्ड नंबर छह के पार्षद एवं अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार अशोक मेहरा ने बताया कि सभी कूड़ा डंपरों से कूड़ा-कर्कट, गंदगी साफ करवा दी गई है। समस्या भविष्य में न हो इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App