एक नजर

By: Sep 22nd, 2018 12:02 am

चक्रवाती तूफान डे पहुंचा ओडिशा

भुवनेश्वर — चक्रवात डे शुक्रवार की सुबह ओडिशा में गोपालपुर के पास समुद्री तट को पार कर गया, जिससे राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने के साथ तेज हवाएं चल रहीं हैं। भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एचआर विश्वास ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान डे 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ गया है ।

गोरखपुर में मुहर्रम के जुलूस के दौरान विवाद

गोरखपुर — गोरखपुर के भटहट में मोहर्रम जुलूस के दौरान विवाद की खबर है। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पुलिस की एक जीप को फूंकने और चौकी में घुसकर तोड़फोड़ किए जाने की सूचना मिल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने कई गाडि़यों में तोड़फोड़ की है। एक दरोगा का सिर फट गया है।

मलेशिया में समलैंगिक विवाह मंजूर नहीं

कुआलालंपुर — मलेशिया के प्रधानमंत्री महाथिर मोहम्मद ने स्पष्ट किया कर दिया है कि भले ही विदेशों में इसे मानवाधिकार माना गया है, लेकिन यहां पर समलैंगिकों, उभयलिंगी व्यक्तियों (बाइसेक्सुअल) और किन्नरों के बीच विवाह को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता है। श्री मोहम्मद ने बताया कि मलेशिया में कुछ चीजों को हम कतई भी बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं, भले ही पश्चिमी देशों में इन्हें मानवाधिकार के तौर पर देखा जाता है।

घाना में बाढ़ से 34 लोगों की मौत

अकरा  — उत्तरी घाना में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और पड़ोसी बुरकीना फासो के एक बांध से पानी बहने से कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई। राहत एजेंसी के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बागरे बांध श्वेत वोल्टा नटी पर बना हुआ है। यह नदी बुरकीना फासो से निकलती है और ब्लैक वोल्टा झरने के साथ मिल कर दक्षिण घाना के वोल्टा झील में पहुंचती है।

आबे-ट्रंप 26 को करेंगे शिखर वार्ता

टोक्यो — जापान के प्रधान मंत्री शिंजो आबे और अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 26 सितंबर को एक शिखर बैठक करेंगे। जापान के शीर्ष सरकारी प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया श्री आबे संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क जाएंगे और इसी दौरान दोनों नेताओं की बैठक आयोजित की जाएगी।

नहीं रहे वियतनाम के राष्ट्रपति कुआंग

हनोई — वियतनाम के राष्ट्रपति तरान दाई कुआंग का शुक्रवार को निधन हो गया। सरकारी टेलीविजन और रेडियो ने यह जानकारी दी है। सरकारी टेलीविजन के मुताबिक श्री कुआंग काफी बीमार थे और देश के नामी चिकित्सकों के अलावा विदेशों के डाक्टरों तथा विशेषज्ञों के अथक प्रयासो के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App