एमसी कांप्लेक्स में सजे 108 गजानन

By: Sep 14th, 2018 12:05 am

शिमला – शिमला में श्री गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्री सिद्धि विनायक सेवा मंडल ट्रस्ट के 12 दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन भी एमसी कांप्लेक्स में सजे पंडाल में दिन भर भक्तों का तांता लगा रहा। पंडाल में स्थापित भगवान श्री गणेश की 108 मूर्तियों का दर्शन करने स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटक भी पहुंचे। महोत्सव में श्री गणेश की 108 मूर्तियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसमें एक विशाल मूर्ति है, जबकि 107 छोटी मूर्तियां हैं। इस अवसर पर भक्तों ने गणपति बप्पा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं श्री गणेश महोत्सव की रौनक दोपहर दो से शाम आठ बजे भजन संध्या से बनी। इसमें दोपहर दो से 5.30 तक कन्हैया रसिक मंडल के रसिक भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बनाया। इसके बाद 5.30 से आठ बजे तक आर्ट ऑफ की भजन मंडली के मधुर भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध किया।  बता दें कि श्री सिद्धि विनायक सेवा मंडल ट्रस्ट का यह चौथा श्री गणेश महोत्सव है। इसमें एमसी कांप्लेक्स मिडल बाजार में श्री गणेश की 108 मूर्तियों की स्थापना की जाती है। इसमें 12 दिनों तक पूजा-अर्चना के अलावा कीर्तन का आयोजन किया जाता है। श्री गणेश महोत्सव 23 सितंबर तक चलेगा। इसमें आखिरी दिन हवन एवं विसर्जन होगा, जिसमें भव्य विदाई के साथ श्री गणेश की 108 मूर्तियों को सुन्नी में विसर्जित किया जाएगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App