दस दिन में 45 लाख की स्मैक जब्त

By: Sep 2nd, 2018 12:05 am

हमीरपुर —जिला पुलिस ने बीते दस दिन में 45 लाख रुपए की स्मैक (चिट्टा) पकड़ा है। सबसे बड़ी कामयाबी बीते शुक्रवार शाम को हाथ लगी। उत्तर प्रदेश से करीब 30 लाख रुपए की स्मैक लेकर हमीरपुर आ रहे व्यक्ति भगवान शंकर को पुलिस ने भोटा में गिरफ्तार किया है। हमीरपुर में स्मैक के छोटे सप्लायर पुलिस पकड़ में आने के बाद वह स्वयं सप्लाई देने हमीरपुर आ गया। हालांकि उसे पता नहीं था कि उसके साथी पुलिस की पकड़ में हैं। पुलिस द्वारा बिछाए गए जाल में स्मैक के गोरखधंधे से जुड़ा मास्टर माइंड पकड़ा गया है। इसके पास से अब तक की सबसे बड़ी मात्रा में स्मैक पकड़ी गई। पुलिस नाके के दौरान उसके पास से 267 ग्राम स्मैक मिली है। इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। नशे के साथ पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश से हिमाचल में स्मैक पहुंच रही है। इसके लिए युवा वर्ग को ही तारगेट किया गया है। पहले युवाओं को इसकी लत लगाई गई और बाद में उन्हें ही छोटे स्तर का सप्लायर बना दिया गया। जिला स्तर पर यही कम मात्रा में स्मैक की सप्लाई करते हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश से एक नशे के कारोबार का बड़ा सरगना स्मैक की सप्लाई लेकर पहुंचाता है। एक ग्राम स्मैक की कीमत करीब पांच से दस हजार रुपए है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक ग्राम स्मैक की कीमत दस हजार है, जबकि हिमाचल में इसे चार से पांच हजार रुपए में दिया जा रहा है। बता दें कि हमीरपुर पुलिस बीते दस दिन में स्मैक के साथ पांच गिरफ्तारियों कर चुकी हैं। इनमें चार युवक व एक लड़की शामिल है। सबसे पहले 7.32 ग्राम स्मैक के साथ लड़की को बस स्टैंड हमीरपुर से पकड़ा गया। वह बुरी तरह स्मैक के नशे में धुत्त थी। वहीं, इसी दिन शाम को अणु में दो लड़के पकड़ गए। इनमें पास से करीब 83 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। वहीं, इसके दूसरे दिन डुग्घा में जाहू के व्यक्ति से 153 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर रमन कुमार मीणा ने खबर की पुष्टि है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App