धर्मकोट फायरिंग मामले में छह पर केस

By: Sep 9th, 2018 12:01 am

 धर्मकोट —पंजाब में मोगा जिले के धर्मकोट में शुक्रवार को कांग्रेस तथा अकाली कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के दौरान चली गोलीबारी में छह लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। लुधियाना डीएमसी अस्पताल में भर्ती घायल कांग्रेस कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह के बयान पर छह लोगों के खिलाफ नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों पर भी केस दर्ज किया गया है। उसने शिकायत में बताया कि जिस समय वह राजस्व कार्यालय में था छह लोगों सुखविंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, हनी, पिंटू प्रधान, कर्मजीत, सुंदर सिंह तथा कुछ अन्य लोगों  ने उसे बुलाया तथा पटवारी के सामने पिटाई करने लगे। उनमें से कुछ ने उसके सिर पर ईंट से वार किया और उसकी पगड़ी भी गिरा दी। सिमरनजीत ने कहा कि कुलविंदर सिंह तथा अन्य लोगों ने उसे मारने के इरादे से पिस्तौल से गोली चलाई। एक गोली उसकी सीधी टांग में लगी और वह गिर गया। दूसरे लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी । कुलविंदर उर्फ किंदा ने हवा में गोलियां चलाईं और हनी ने रिवाल्वर से गोली चलाई। धर्मकोट पुलिस ने उसके बयान में छह लोगों के खिलाफ नामजद हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बड़ी संख्या में अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पथराव का मामला दर्ज किया है। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे। वहीं वरिष्ठ जिला पुलिस अधीक्षक गुरप्रीत सिंह तूर ने बताया कि पुलिस जांच चल रही है और उन्हें विश्वास है कि अभियुक्त जल्द ही गिरफ्तार होंगे। पुलिस असामाजिक तत्वों की तलाश कर रही है जो  इस घटना में शामिल थे। धर्मकोट के कांग्रेस विधायक सुखजीत सिंंह काका ने पार्टी समर्थकों के साथ बैठक में इस घटना की निंदा की और पुलिस पर भेदभाव बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तो पथराव किया ही नहीं। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ मिलकर एसएसपी से मुलाकात की तथा कांग्रेसियों पर बनाए गए केस को वापस लेने की मांग की। विधायक ने अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App