धारटीधार को 18 करोड़ रुपए का पानी

By: Sep 15th, 2018 12:10 am

आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह व विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने किया पेयजल परियोजना का किया शिलान्यास

नाहन —विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल और सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को नाहन के समीप जमटा में धारटीधार क्षेत्र की देवका पुड़ला व अन्य पंचायतों के लिए स्वीकृत 18 करोड़ रुपए की गिरि उठाऊ पेयजल योजना का संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। उल्लेखनीय है कि ब्रिक्स के तहत स्वीकृत यह परियोजना प्रदेश की पहली योजना है जिसका शुभारंभ नाहन के धारटीधार क्षेत्र से हुआ है। इस अवसर पर संबोधित करते हुए सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने नाहन निर्वाचन क्षेत्र के लिए 75 करोड़ की दो परियोजनाओं की सौगात दी, जिसमें 25 करोड़ की परियोजना से ग्राम पंचायत बर्मापापड़ी, कौलावालाभूड़, पालियों और बनकला सहित विभिन्न पंचायतों की छूटी हुई बस्तियों में पानी पहुंचाया जाएगा, जबकि 50 करोड़ की महत्त्वकांक्षी परियोजना के तहत नाहन विधानसभा की विभिन्न खड्डों पर चैकडैम और उनके तटीकरण तथा पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण इत्यादि कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चैकडैम के माध्यम से एकत्रित जल को किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के गत पांच मास के कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार द्वारा 12 हजार करोड़ की विभिन्न परियोजनाएं राज्य के लिए स्वीकृत की गई हैं जिनमें 3267 करोड़ की परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने तथा 800 करोड़ की परियोजना प्रदेश में वर्ष 2000 से पूर्व की पेयजल योजनाओं के जीर्णोंद्वार के लिए स्वीकृत की गई है। मंत्री ने कहा कि इसके अतिरिक्त 4751 करोड़ की वर्षा जल संग्रहण परियोजना, 1700 करोड़ की बागबानी विकास, 423 करोड़ की खुंभ परियोजना और 1900 करोड़ की पर्यटन परियोजना शामिल है।  इस अवसर पर अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने धारटीधार क्षेत्र के लिए 18 करोड़ की परियोजना स्वीकृत करने लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।  डा. बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए 75 करोड़ की दो परियोजनाएं स्वीकृत करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 50 करोड़ की परियोजना से नाहन क्षेत्र की विभिन्न खड्डों चासी खड्ड, कौलावालाभूड़ खड्ड, जंगलाभूड़, वर्मापापड़ी, अरंडवाला, हरिपुरखोल और मार्कंडेय नदी के तटीकरण और इन पर चैक डैम निर्मित किए जाएंगे। डइस मौके पर मुख्य अभियंता आईपीएच सुमन विक्रांत, एसई एसके शर्मा और अधिशाषी अभियंता मंदीप गुप्ता, एसडीएम नाहन विवेक शर्मा, पंचायत समिति नाहन की अध्यक्ष कविता चौहान,  अनीता शर्मा, प्रतिभा, ओपी सैणी, देवेंद्र चौधरी, राकेश गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष और सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री द्वारा जमटा स्थित माता बालासुंदरी के प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App