नागरिक आपूर्ति निगम को स्कॉच अवार्ड

By: Sep 5th, 2018 12:20 am

19 सितंबर को दिल्ली में कारपोरेशन के एमडी एसएस गुलेरिया हासिल करेंगे सम्मान

शिमला —हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड को कारपोरेट गवर्नेंस में अनुकरणीय कार्यों के लिए ‘स्कॉच-ऑर्डर-ऑफ मैरिट अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह अवार्ड निगम को नई दिल्ली के कांस्टीच्यूशन क्लब में 18 व 19 सितंबर को आयोजित होने वाले 53वें स्कॉच समिट में प्रदान किया जाएगा। यह स्कॉच अवार्ड हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक डा. एसएस गुलेरिया नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में प्राप्त करेंगे। बता दें कि 18 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नागरिक आपूर्ति निगम की खाद्य वितरण प्रणाली, लागत प्रभावशीलता व अनाज गुणवत्ता को लेकर दिल्ली में सराहना की थी। दिल्ली में 18 अगस्त को कारपोरेट गवर्नेंस के तहत पूरे देश से इस प्रोजेक्ट को लेकर प्रस्तुतिकरण दिया गया था। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम का मनोनयन आईटीए-एचपीएससीएस प्रोजेक्ट के तहत किया गया है। निगम ने अपना पीडीएस पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया है। इससे अब निगम द्वारा खरीद-फरोख्त से संबंधित पूरी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जा रही है। इस अवार्ड के लिए निगम का चयन तीन मापदंडों अर्ली बर्ड, ज्यूरी इवैल्यूएशन व पॉपुलर वोट के आधार पर किया गया है। उल्लेखनीय है कि स्कॉच ग्रुप ‘स्कॉच आर्डर ऑफ मैरिट’ देशभर में इन्नोवेटिव कार्यों के लिए राज्य के निगमों एवं विभागों के कार्यों का मूल्यांकन कर उन्हें पुरस्कृत करती है।  बता दें कि निगम ने ई-गवर्नेंस के तहत बेहतरीन कार्य किया है। इसके आधार पर ही हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम का चयन इस अवार्ड के लिए किया गया है। अब 18 व 19 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले समारोह में हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम को स्कॉच ग्रुप द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

पहले इन्हें मिल चुका है इनाम

इससे पहले ई-विधान प्रणाली के लिए प्रदेश सरकार, बेहतर सेवाओं के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम व ई-गवर्नेंस के साथ प्रदेश में पॉल्यूशन कम करने की दिशा में किए गए प्रयासों को लेकर प्रदूषण नियंण बोर्ड को भी स्कॉच अवार्ड मिल चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App