पंजाब में भारत बंद का मिला-जुला असर

By: Sep 11th, 2018 12:01 am

 चंडीगढ़ —पंजाब में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद भारत बंद का सोमवार को मिला-जुला असर रहा। दोपहर से पहले तो विभिन्न जिलों में बाजार बंद रहे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता जगह-जगह दुकानदारों से बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील करते और बाजार और दुकानें बंद कराते देखे गए। पंजाब में श्रीगुरुग्रंथ का पहला प्रकाश पर्व होने के कारण सरकारी कार्यालयों तथा सभी स्कूल और कालेजों में अवकाश रहा।  सड़कों पर बसें दौड़ती नजर आईं। जालंधर, पटियाला, लुधियाना, मालवा क्षेत्र, बठिंडा, संगरूर, फाजिल्का व फगवाड़ा सहित समूचे राज्य में बंद का मिलाजुला असर दिखाई दिया। कपूरथला जिला में कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियों का पेट्रोल-, डीजल, गैस की बढ़ती कीमतों तथा मंहगाई के विरोध में बंद का कहीं आंशिक असर दिखा तो कहीं मिलाजुला रहा। गुरदासपुर जिला में बंद का व्यापक असर दिखाई दिया। वहां दुकानें, बाजार बंद रहे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान संजीव बुग्गा ने कहा कि कांग्रेस ने लोगों से दुकानें बंद करने की अपील नहीं की। महिलाओं सहित कांग्रेस कार्यकर्ता श्रीनाथ पैलेस में सोमवार सुबह इकट्टे हुए और कड़ी सुरक्षा के बीच एक रैली का आयोजन किया और आसमान छूती महंगाई के लिए मोदी सरकार को कोसा। लुधियाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार औद्योगिक नगरी में बंद का मिलाजुला असर रहा। कांग्रेसियों ने जगह-जगह धरना प्रदर्शन लगाए। शहर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने लुधियाना के घंटा घर चौक पर भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। शहर में कई जगह जाम लग गए, जिससे यातायात पर असर पड़ा। लुधियाना से कांग्रेसी सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने कार्यकर्ताओं को समझा-बुझा कर दमकल विभाग की गाडि़यों को वहां से गुजरने दिया।  धरना की अगवाई कर रहे श्री बिट्टू ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला।  लुधियाना में चली घोड़ागाड़ी  कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने इस प्रदर्शन को कामयाब बनाने के लिए घोड़ागाड़ी का इस्तेमाल किया तथा कांग्रेसी महिलाओं ने रिक्शा चलाकर और गोबर की पाथियों से चूल्हा फूंक कर रोष व्यक्त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App