पता पूछ गले से चेन ले उड़े चोर 

By: Sep 16th, 2018 12:10 am

रक्कड़ कालोनी मंे सैर से लौट रही 75 वर्षीय बुजुर्ग को बनाया निशाना, स्कूटर सवारों ने मचाई दहशत

 ऊना—ऊना थाना के तहत रक्कड़ कालोनी में एक बार फिर से चेन स्नेचिंग का मामला सामने आया है। इसमें स्कूटर सवार दो युवक मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला से ढेड़ तोले की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। उक्त बुजुर्ग महिला को जब तक घटना के बारे में कुछ समझ पाती तब तक स्नैचर मौके से फरार हो चुके थे। 75 वर्षीय उषा देवी ने बताया कि यह सुबह करीब सवा छह बजे सैर करके वापस घर आ रही थी। इस दौरान एक युवक स्कूटी पर आया और इससे वकील के घर का पता पूछा और महिला ने इसके बारे में जानकारी न होने की बात कही। इसके बाद महिला आगे चली गई। कुछ कदम आगे जाने के बाद युवक ने महिला के गले पर झपटा मारकर सोने की चेन छीन ली और अपने साथी युवक के साथ मौका से फरार हो गए। इससे पहले भी रक्कड़ व जिला मुख्यालय के कई स्थानों पर चेन स्नेचिंग की घटनाओं से महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। लोग हर समय डर के साए में ही घर से निकलते हैं। स्नेचरों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है। शुक्रवार सायं को भी पुराना-होशियारपुर मार्ग पर एक महिला से दो युवक सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। 24 घंटों में यह चेन स्नेचिंग की दूसरी वारदात है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने महिला के बयान कलमबद्ध किए और मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी हैडक्वार्टर अशोक वर्मा ने बताया कि रक्कड़ के फेस तीन चौक पर चेन स्नेचिंग की घटना हुई है। इसमें दो युवक महिला की चेन छीनकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App