पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सेहत में सुधार

By: Sep 1st, 2018 12:03 am

शिमला — पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य में सुधार आया है। ऐसे में शनिवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। शुक्रवार को अस्पताल में उपचाराधीन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सभी टेस्ट हुए। सभी टेस्ट्स की रिपोर्ट ठीक आई है। उनके स्वास्थ्य में पहले के मुकाबले काफी सुधार भी बताया जा रहा है। गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। खांसी, बलगम की शिकायत सहित पांव में सूजन आने पर उन्हें आईजीएमसी अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया था। हालांकि उनके रूटीन के कुछ टेस्ट गुरुवार को हो गए थे, मगर कुछ टेस्ट शेष रहते थे, जो शुक्रवार को हुए, जिसकी रिपोर्ट ठीक आई है। आईजीएमसी के एमएस डा. जनक राज ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य ठीक है। शनिवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी हो जाएगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, उद्योग मंत्री विक्रम सिंह और खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने आईजीएमसी पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री का कुशलक्षेम पूछा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App