प्रदेश में सर्द होने लगी रातें

By: Sep 19th, 2018 12:02 am

तीन डिग्री गिरा न्यूतम तापमान, केलांग में 4.7 तक पहुंचा पारा

 शिमला —प्रदेश में मूसलाधार बरसात के बाद भले ही दिन के समय चटक धूप खिल रही है। मगर सुबह व शाम के समय चल रही ठंडी हवाओं ने रातें सर्द करनी शुरू कर दी हैं। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से खासतौर पर राज्य के जनजातीय क्षेत्रों में सुबह व शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। केलांग का पारा तो लुढ़ककर 4.7 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें तो   राज्य में कमजोर पड़ा मानसून 21 सितंबर से फिर रफ्तार पकड़ेगा। हालांकि विभाग ने इस दौरान मैदानी व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। मगर राज्य के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों मं 21 से 24 सितंबर तक अनेक स्थानों पर बारिश होगी। मंगलवार को प्रदेश के अधिकतम क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा और चटक धूप खिली रही जिससे अधिकतम तापमान में बीते रोज के मुकाबले एक से चार डिग्री तक का उछाल आया है। मगर बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।  केलांग में न्यूनतम तापमान 4.7, कल्पा में 7.2, मनाली में 7.0, और कुफरी में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से सुबह व शाम के समय ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। आगामी दिनों में बारिश होने के पूर्वानुमान से तापमान में और गिरावट आने की उम्मीदें जताई जा रही ह। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 21 से 24 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 24.4, सुंदरनगर में 30.3, भुंतर में 31.2, कल्पा में 23.0, धर्मशाला में 26.8, ऊना में 34.0, नाहन में 28.0, केलांग में 21.4, सोलन में 27.4, कांगड़ा में 30.6, बिलासपुर 31.0, हमीरपुर 32.6, चंबा 29.1 और डलहौजी 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App