बिजली बिल के लाखों डकारे

By: Sep 1st, 2018 12:02 am

कंपनी के दो कर्मी निकाले, लोकमित्र केंद्र का मालिक फरार

अंब— विद्युत सब-डिवीजन अंब के तहत करीब एक दर्जन गांवों के लोगों की लाखों रुपए की राशि डकारने का मामला प्रकाश में आया है। इससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है। इस घटनाक्रम में दो कंपनी कर्मचारी व एक लोकमित्र केंद्र के मालिक का नाम उजागर होने के बाद विद्युत अधिकारियों ने दो कंपनी कर्मचारियों को निकाल दिया है। लोकमित्र केंद्र का मालिक इस घटना के बाद फरार हो गया है। पीडि़त उपभोक्ताओं में सतीश कुमार, विनोद, शाम लाल, खुशी राम, रमेश चंद आदि ने बताया कि क्षेत्रवासी काफी समय से क्षेत्र के एक अधिकृत लोकमित्र केंद्र में बिजली के बिल जमा करवाने के बाद बिल पर मुहर लगने के बाद आश्वस्त हो जाते हैं। इसी प्रकार कई उपभोक्ताओं को विश्वास में लेकर बिल वितरण करने वाला कर्मचारी उनसे बिलों की राशि वसूल कर अपनी जेब में डालता रहा। गड़बड़ी की आश्ांका होने के बाद विभाग ने जब अंदरखाते बिलों की जांच की तो लाखों रुपए की हेराफेरी देख उनके भी होश उड़ गए। विभाग ने उसके बाद कार्रवाई करते हुए कुछ राशि कंपनी कर्मचारियों से वसूल की है, लेकिन लोकमित्र केंद्र में विभाग के बिलों की राशि का लाखों रुपए के घोटाला अभी तक विभाग वसूल नहीं कर पाया है। सूत्रों की मानें तो हेराफेरी की राशि 12 लाख रुपए के करीब बनती है, जिसमें से विभाग ने कुछ राशि वसूल भी की है। विद्युत विभाग अंब के एक्सईएन बृजलाल ठाकुर ने बताया कि घटना के संबंध में कंपनी के दो कर्मचारियों को निकाल दिया गया है। कुछ राशि वसूल भी की गई है। यह राशि कितनी हो सकती है, इसका पता लगाया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App