भाजपा काे नया भारत बनाने का दृढ़ विश्वास

By: Sep 9th, 2018 2:38 pm

Image result for भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के बैठकनई दिल्ली – भारतीय जनता पार्टी ने अपनी विकास योजनाओं की बदौलत वर्ष 2022 तक नये भारत के निर्माण का विश्वास व्यक्त किया है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के बैठक में पारित राजनीतिक प्रस्ताव में नये भारत के निर्माण का विश्वास व्यक्त किया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया। इस प्रस्ताव में कहा गया है कि वर्ष 2022 देश गरीबी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, जातिवाद और संप्रदायवाद से मुक्त हो जाएगा।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृष्टि, लगन और परिकल्पना की बदौलत सबका साथ सबका विकास से नये भारत का सपना पूरा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि श्री मोदी एवं पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की जोड़ी भाजपा की गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं और वह देश के 19 राज्यों में सत्ता में आ गयी है। यह लक्ष्य जनता से सीधे संवाद से पूरा हुआ है। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने संवाददाताओं को राजनीतिक प्रस्ताव की विषयवस्तु की जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष के पास ना नेता है, ना नीति है और ना ही रणनीति है। वह हताश है और नकारात्मक सोच के कारण विकल्प ढूंढ़ने में लगा है। विपक्ष केवल ‘मोदी रोको अभियान’ चला रहा है जिसमें जनता का साथ नहीं मिलेगा। आम लोग सशक्त हुए हैं अौर वे देश की तरक्की को इसी गति से जारी रखने के पक्ष में हैं। श्री जावड़ेकर ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के समय की तुलना में मोदी सरकार के कार्यकाल में आंतरिक सुरक्षा की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। संप्रग के शासन के दौरान शहरों में बम विस्फोट की घटनाएं होतीं थीं लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है। बड़ी आतंकवादी घटनाएं नहीं हुईं हैं और पहले की तुलना में नक्सली उग्रवादी एक तिहाई रह गये हैं। कश्मीर में आतंकवाद की घटनाएं हताशा में हो रहीं हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र के राज्यों में शांति आयी है और लोग विकास की मुख्य धारा में शामिल हो गये हैं। त्रिपुरा, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के एक भाग से सशस्त्र बल विशेषाधिकार कानून (आफ्स्पा) को हटा दिया गया है। असम में भी जल्द ही कुछ होगा। नागा समझौते से वहां शांति कायम हुई है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में आयी तेजी के कारण अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है और भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। सेवा एवं वस्तुकर कानून से कर प्रणाली में बड़ा सुधार हुआ है। इसके साथ ही नयी जनधन योजना से अब गरीबों को और अधिक फायदा होगा तथा परिवार के सभी वयस्को के नाम बैंक खाते खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के कारण देश के 19 राज्य, 400 जिले और चार लाख गांव खुले में शौच की समस्या से मुक्त हो गये हैं और सड़कों के निर्माण में तीन गुना वृद्धि हुई है। देश के अलग अलग राज्यों में 20 अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान स्थापित किये जा रहे हैं। जबकि उज्ज़्वला योजना से पांच करोड़ परिवारों को फायदा हुआ है। बारह रुपए में जीवन बीमा की योजना की सफलता इस बात से पता चलती है कि 14 करोड़ लोगों ने उसे फिर से लिया है। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के साथ एक ही झटके में करीब डेढ़ लाख बैंक शाखाएं देश में खुल गयीं हैं।
श्री जावड़ेकर ने बताया कि पार्टी की स्पष्ट समझ है कि समाज को एक साथ रखकर ही विकास किया जा सकता है और इसी को ध्यान में रख कर गृह मंत्री ने ‘आओ मिल कर कमल खिलाएं’ का नारा दिया है। उन्होंने कहा कि 2019 में भाजपा जबरदस्त जीत हासिल करने जा रही है। भाजपा के पास कार्यक्रम है, नेता है, नीति है और रणनीति भी है लेकिन विपक्ष के पास तीनों में से कुछ भी नहीं है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App