महिला के पेट से निकाली सात किलोग्राम की रसौली

By: Sep 21st, 2018 12:05 am

चंबा—पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज के चिकित्सकों ने एक महिला का सफल आपरेशन कर पेट से सात किलो की रसौली निकालकर नवजीवन प्रदान किया है। मेडिकल कालेज में उपचाराधीन महिला की हालत में अब सुधार दर्ज किया गया है। फिलहाल महिला को गहन चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है। जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय महिला रेखा देवी पिछले काफी दिनों से पेट दर्द की समस्या से जूझ रही थी। रेखा देवी के उपचार हेतु मेडिकल कालेज पहंुचने पर चिकित्सीय जांच के दौरान पेट में रसौली होने की बात सामने आई, जिस पर चिकित्सकों ने महिला का आपरेशन करवाने का परामर्श दिया। गुरुवार को महिला का मेडिकल कालेज में सफल आपरेशन किया। यह आपरेशन एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डा. केवल, डा. सुनील दत्त, डा. परवेज, स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. भास्कर, डा. अभिनव चड्डा और स्टाफ शैली, श्रुति, वंदना, दिव्यांशु, कमलकांत तथा भुवनेश्वर की टीम ने किया। मेडिकल कालेज चंबा के प्राचार्य डा. पीके पुरी ने बताया कि चिकित्सकों की टीम ने महिला का सफल आपरेशन कर पेट से सात किलोग्राम की रसौली निकाली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App