मार गिराया आदमखोर तेंदुआ

By: Sep 28th, 2018 12:02 am

नैनीताल – उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर में घोषित आदमखोर तेंदुआ को शिकारियों के एक दल ने आखिरकार मारने में सफलता हासिल की। यह आदमखोर अभी तक नौ लोगों पर हमला कर चुका था और इसके मारे जाने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। अल्मोड़ा वन प्रभाग के वनाधिकारी (डीएफओ) पंकज कुमार ने बताया कि आदमखोर तेंदुआ क्षेत्र में लोगों के जीवन के लिए चुनौती बन गया था। जिससे उन्हें व्यापक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिले के सोमेश्वर ब्लॉक के नैनोली क्षेत्र में आदमखोर का भयंकर आतंक व्याप्त था। इससे लोगों में आक्रोश भी नाराजगी बढ़ रही थी। वन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक ने इसे आदमखोर घोषित कर दिया था। इसके बाद वन विभाग की ओर से चमोली से शिकारी लखपत सिंह की अगवाई में एक दल को बुलाया गया। आदमखोर तेंदुए को पकड़ने के लिए शिकारियों के दो दल गठित किए गए। डीएफओ ने बताया कि बुधवार शाम को दल को सफलता मिली। शिकारी लखपत सिंह के दल ने आदमखोर को मार गिराया। आदमखोर के मारे जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है।  अल्मोड़ा की तरह ही बागेश्वर जिले में भी आदमखोर का आतंक बना हुआ है। श्री लखपत सिंह के नेतृत्व में शिकारी दल को इसके बाद बागेश्वर में आदमखोर को मारने या जिंदा पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बागेश्वर के डीएफओ आरके सिंह ने बताया कि विगत 19 सितंबर को बागेश्वर जिला मुख्यालय से सटे नदीगांव में आदमखोर ने आंगन में खेल रही एक चार साल की मासूम को शिकार बना लिया था, जबकि इससे पहले तीन सितंबर को गरूड़ तहसील के सेलाखनियारी गांव में एक बच्ची को भी आदमखोर तेंदुआ मार चुका है। श्री सिंह ने बताया कि तेंदुए को आदमखोर घोषित कर दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App