श्रीकांत को दो स्थान का फायदा, सिंधू तीसरी रैंक पर बरकरार

By: Sep 28th, 2018 4:15 pm
श्रीकांत को दो स्थान का फायदा, सिंधू तीसरी रैंक पर बरकरार

नयी दिल्ली – गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता किदाम्बी श्रीकांत को ताजा जारी विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में दो स्थान का फायदा पहुंचा है और वह पुरूष एकल में छठे स्थान पर पहुंच गये हैं जबकि एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता पीवी सिंधू महिला एकल में अपनी तीसरी रैंकिंग पर बरकरार हैं। गत माह इंडोनेशिया में संपन्न हुये एशियाई खेलों और इस वर्ष आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुये राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय शटलरों को रैंकिंग में इसका फायदा पहुंचा है। पुरूष एकल रैंकिंग में स्टार शटलर श्रीकांत दो पायदान उठकर छठे नंबर पर पहुंच गये हैं। उनके 67845 रेटिंग अंक हैं। पुरूष एकल रैंकिंग में शीर्ष 10 खिलाड़ियों में श्रीकांत अकेले भारतीय खिलाड़ी हैं। गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जबकि एकल में रजत पदक जीता था और इसके एक सप्ताह बाद अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ नंबर वन रैंकिंग पर पहुंचे थे। हालांकि एशियाई खेलों में वह पदक से चूक गये।  अन्य भारतीय पुरूष शटलरों में एच एस प्रणय दो स्थान गिरकर 13वें नंबर तथा समीर वर्मा एक स्थान की गिरावट के साथ 23वें पायदान पर खिसक गये हैं। एकल में शीर्ष पर विश्व चैंपियन केंतो मोमोता हैं जो विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले जापान के पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने ओलंपिक कांस्य विजेता डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसन को पछाड़कर यह स्थान हासिल किया है जो तीसरे पायदान पर खिसक गये हैं। महिला एकल रैंकिंग में शीर्ष-10 में भारत की दोनों स्टार शटलर सिंधू और सायना अपने अपने तीसरे तथा 10वें नंबर पर बरकरार हैं। एशियाई खेलों के महिला एकल फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचने वाली सिंधू 82814 अंकों के साथ अपने तीसरे स्थान पर बरकरार हैं जबकि कांस्य विजेता सायना के 52748 रेटिंग अंक हैं। पुरूष युगल के शीर्ष-25 में सात्विकसेराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी दो स्थान गिरकर 22वें नंबर पर खिसक गयी है जबकि मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी तीन स्थान के फायदे के साथ 24वें नंबर पर पहुंच गयी है। महिला युगल के शीर्ष 25 में कोई भारतीय जोड़ी नहीं है लेकिन मिश्रित युगल में प्रणव जैरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी एक स्थान उठकर 22वें नंबर पर पहुंच गयी है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App