सेब सीजन चौपट

By: Sep 1st, 2018 12:01 am

मंडियों में पहुंचा 60 लाख बॉक्स, सात साल में सबसे कम उत्पादन की आशंका

 शिमला — प्रदेश में इस मर्तबा सेब सीजन सात साल में सबसे कम उत्पादन की ओर है। हालांकि विभिन्न फल मंडियों में अभी तक 60 लाख के करीब सेब बॉक्स पहुंच चुके हैं। राज्य के मध्यम व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब सीजन चल रहा है, मगर फसल कम होने के चलते इस बार सेब सीजन 1.50 करोड़ तक सिमटने की आशंका है। प्रदेश में इस बार ओलावृष्टि और समय पर बारिश न होने के कारण सेब की फसल को 40 से 45 फीसदी चपत लगी थी। उस पर सेब के अवैध बागीचों के कटने से भी लाखों पेटियां कम हुई हैं। राज्य में इस बार सेब की बंपर फसल थी, मगर मौसम के कहर ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। बागबानी विभाग द्वारा राज्य में इस मर्तबा 1.94 करोड़ (अनुमानित सेब बॉक्स) का अनुमान लगाया गया था, मगर फल मंडियों में अराइवल घटता दिख रहा है। राज्य में इससे पहले वर्ष 2011 में सबसे कम उत्पादन हुआ था। वर्ष 2011 के दौरान प्रदेश में एक करोड़ 37 लाख 51 हजार 763 सेब बॉक्स हुए थे। इससे पहले वर्ष 2009 में भी राज्य में कम उत्पादन हुआ था। वर्ष 2009 में 1.40 करोड़ सेब बॉक्स हुए थे, जबकि राज्य में सबसे अधिक उत्पादन वर्ष 2010 में 4.46 करोड़ हुआ था।

पिछले साल से 16 लाख कम

प्रदेश के विभिन्न जिलों से अभी तक मार्केट में करीब 60 लाख सेब बॉक्स पहुंच चुके हैं, मगर पिछले सीजन के मुकाबले यह आंकड़ा अब तक 15-16 लाख कम आंका जा रहा है।

ये हैं आंकड़े

वर्ष        पेटियां

2008      2.55

2009     1.40

2010      4.46

2011      1.38

2012      2.06

2013      3.69

2014      3.12

2015      3.88

2016      2.34

2017      2.23


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App