हिमाचल के छात्रों को रजत

By: Sep 27th, 2018 12:01 am

नेशनल साइंस टेक्नो फेयर में हुनर दिखा पाया दूसरा स्थान

शिमला  – हिमाचल प्रदेश से राष्ट्रीय साइंस टेक्नो फेयर-2018 में सहभागिता करने के लिए गई टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह आयोजन रमन साइंस एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन अहमदाबाद द्वारा एपीजे अब्दुल कलाम नेशनल काउंसिल ऑफ यंग साइंटिस्ट के साथ मिलकर किया गया था। हिमाचल प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालय रूगड़ा से तीन बच्चे पीयूष शर्मा, शुभम, आनंद शर्मा और प्रियंका ने साइंस क्विज मॉडल मेकिंग और सर्वे रिपोर्ट में भाग लिया था। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घणाहट्टी के नितिन चौहान ने मॉडल प्रस्तुतिकरण में भाग लिया था। राष्ट्रीय स्तर पर गठित साइंटिस्ट कमेटी ने प्रदेश के बच्चों को ओवर ऑल परफार्मेंस के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे स्थान पर आंका है, जिसके लिए उन्हें रजत पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रदेश के इन छात्रों ने गुजरात साइंस सिटी का भ्रमण किया। वहीं छात्रों के साथ गए अध्यापक डा. संजीव कुमार भी शामिल रहे।

इसरो के वैज्ञानिक ने दी शाबाशी

इस कार्यक्रम में इसरो के शीर्ष साइंटिस्टों के अलावा पूरे देश से विषय विशेषज्ञों के साथ 19 राज्यों के 81 विद्यालयों के 270 बच्चों ने भाग लिया था। इसमें बच्चों को ग्रामीण व शहरी आधार पर जूनियर व सीनियर ग्रुपों में बांटा गया। हिमाचल की टीम को जूनियर ग्रामीण ग्रुप में शामिल किया गया। रूगड़ा के शुभम आनंद शर्मा की प्रस्तुति की सराहना इसरो के साइंटिस्ट द्वारा की गई। शुभम को तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App