हिमाचल ने खोए दो जवान

By: Sep 1st, 2018 12:03 am

फतेहपुर के जोगिंद्र को दिल्ली, चंबा के जितेंद्र को साउथ अफ्रीका में हार्ट अटैक

फतेहपुर— इंडियन-तिब्बत बार्डर फोर्स के जवान की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। फतेहपुर की पंचायत हडवाल के आईटीबीपी जवान की ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से मौत हो गई। हडवाल गांव के जोगिंद्र सिंह 1988 में आईटीबीपी में भर्ती हुए थे और इन दिनों थानेदार के पद पर दिल्ली हैडक्वार्टर में सेवाएं दे रहे थे। सलामी देने पहुंचे इंस्पेक्टर शशि भूषण, सब इंस्पेक्टर बुद्धि राम शर्मा ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली में ड्यूटी के दौरान सुबह साढ़े चार बजे उनके सीने में अचानक दर्द उठा, जिसके चलते तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन सुबह करीब छह बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। शाम साढ़े पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद जवान का शव उनके सुपुर्द किया गया। परिवार वालों को भी फोन के माध्यम से सूचित कर दिया गया था। गांव में जवान की मौत की खबर पहुंचते ही मातम पसर गया। आईटीबीपी के जवानों ने जवान की पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी। इस मौके पर फतेहपुर प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार फतेहपुर प्रेम शर्मा ने पीडि़त परिवार को प्रशासन की तरफ से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। आईटीबीपी के दिवंगत जवान के बेटे शुभम ने पिता को मुखाग्नि दी। जवान अपने पीछे माता-पिता, तीन लड़कियां व एक लड़का छोड़ गया है। इस मौके पर पंचायत प्रधान कृपाल गुलेरिया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव चेतन चंबियाल, बीडीसी अजय कुमार, समाजसेवी अश्वनी राणा सहित सैकड़ों लोग व आईटीबीपी के जवान उपस्थित रहे।

चंबा — चंबा जिला के उलयानू गांव के आईटीबीपी में कार्यरत जवान जितेंद्र शर्मा की साउथ अफ्रीका में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक फरवरी में ट्रेनिंग हेतु साउथ अफ्रीका गया था। मृतक का पार्थिव देह रविवार को चंबा पहुंचेगा। जितेंद्र शर्मा की मौत की खबर मिलते ही परिवार शोक में डूब गया है। जितेंद्र की पार्थिव देह को चंबा लाया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App