15 तक फसलों का ब्यौरा दें किसान

By: Sep 14th, 2018 12:02 am

अंबाला— अब किसानों की फसलों का ब्यौरा ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा नामक पोर्टल लांच किया है। प्रदेश के किसान इस पोर्टल पर 15 सितंबर तक अपनी खरीफ फसलों का ब्यौरा ऑनलाइन दर्ज करवा सकेंगे। फसलों का ब्यौरा ऑनलाइन दर्ज करने का कार्य गांव में स्थित अटल सेवा केंद्रों पर तैनात विलेज लेवल इंटरप्रन्योर करेंगे जिसके लिए उन्हें सरकार द्वारा 5 रुपए प्रति खेवट की दर से भुगतान किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने बताया कि खरीफ फसल 2018 के तहत बोई जाने वाली फसलों की जानकारी प्राप्त करने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों को देने के लिए प्रदेश सरकार ने राज्य स्तरीय फसल ई सूचना नामक वैब पोर्टल लांच किया है। यह पोर्टल 15 सितंबर तक खुला रहेगा। इस अवधि के दौरान गांव में वीएलई सभी किसानों की फसलों का ब्यौरा ऑनलाइन दर्ज करवाएंगे जिसके लिए किसानों को कोई भुगतान नहीं करना है। वीएलई को इस कार्य के लिए प्रदेश सरकार द्वारा सीधे तौर पर उनके खाते में भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वीएलई के अलावा किसान अपने स्तर पर खुद इंटरनेट के माध्यम से ईदिशा डॉट जीओवी डॉट इन पर इस पोर्टल को खोलकर भी अपनी फसलों का ब्यौरा ऑनलाइन दर्ज करवा सकता है। इस पोर्टल पर आने वाली सूचनाओं को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के साथ सांझा किया जाएगा। किसानों द्वारा अपलोड की जाने वाली सूचना किसी अन्य कानूनी क्लेम में प्रयोग नहीं की जा सकेगी। इसके अलावा जमाबंदी संबंधी डाटा भी पटवारियों द्वारा सांझा किया जाएगा। इससे किसानों की फसलों की खरीद प्रक्रिया आसान हो जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान अपने फसलों का ब्यौरा उक्त पोर्टल पर दर्ज करवाएं, इसके लिए किसानों की सुविधा के लिए सामान्य सेवा केंद्रों के वीएलई को आदेश दिए गए हैं कि वे इस कार्य में किसानों की नि:शुल्क मदद करेंगे। किसान चाहे तो घर बैठे भी इस पोर्टल पर जाकर अपने फसल का विवरण दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार सामान्य सेवा केंद्रों को इस सेवा के बदले पर खेवट पांच रुपए का भुगतान करेगी। उन्होंने वीएलईज को कहा कि वे अपने केंद्रों पर साइन बोर्ड लगाएं, ताकि किसानों को इस बारे जानकारी हो सके।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App