धर्मशाला भाजपा के निशाने पर नगर निगम, मेयर- डिप्टी मेयर के खिलाफ मोर्चा

By: Sep 15th, 2018 4:16 pm

धर्मशाला मंडल भाजपा ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने नगर निगम में हुए कार्यों की जांच करवाने की मांग उठाई है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार, जिला महामंत्री यशपाल सबरवाल, मंडल महामंत्री विजय शर्मा और मंडल मीडिया प्रभारी अधिकांश डोगरा ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में निगम के मेयर और डिप्टी मेयर पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की जनता भारी बरसात के कारण त्रस्त है और नगर निगम के डिप्टी मेयर व पार्षद काठमांडू में मस्त हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि नगर निगम में सफाई के नाम पर लाखों रुपए की गड़बड़ी हुई है। मनोनीत पार्षदों ने जब सफाई टेंडर के बारे में जानकारी मांगी तो पता चला कि न तो धर्मशाला में पूरे कर्मचारी हैं और न ही उन्हें पहचान पत्र वितरित किए गए हैं। यही कारण है कि शहर में हर जगह कूड़ादान गंदगी से भरे रहते हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ी हुई है । उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से निगम के कार्यों की जांच मांगी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App