ऊना नगर का नाम ऊना साहिब करने की मांग

By: Oct 22nd, 2018 12:05 am

ऊना -प्रदेश में विभिन्न शहरों में ऐतिहासिक महत्त्व को देखते हुए नाम बदलने को लेकर छिड़ी चर्चा में अंब ऊना नगर का नाम भी जुड़ गया है। ऊना में ऊना नगर का नाम बदल कर ऊना साहिब करने की मांग उठी है। यह मांग करते हुए गुरु नानक मिशन संस्था के महासचिव हरपाल सिंह कोटला ने कहा कि ऊना एक ऐतिहासिक नगरी है। यहां छिन्मस्तिका धाम माता चिंतपुर्णी मंदिर, डेरा बाबा वडभाग सिंह, पीरनिगाह मन्दिर सुशोभित हैं, तो दूसरी तरफ ऊना नगर  इतिहास में अपनी अलग पहचान रखता है। देवी, देवताओं, सिख गुरुओं की चरण छोह प्राप्त करने सहित गुरु नानक देव जी के वंशजों द्वारा बसाए ऊना नगर का नाम बदल कर ऊना साहिब किया जाना चाहिए। ऊना नगर को बसाने वाले गुरु नानक देव जी के वंशजो द्वारा उत्तर भारत में लोगों को संगठित कर मुगलों सहित अंग्रेजों के प्रति विद्रोही स्वर बुलंद किए थे। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों द्वारा 1847 में गुरु नानक देव जी के वंशज बाबा विक्रमा सिंह बेदी को जागीरों का लालच देकर उनकी अधीनगी स्वीकार करने के लिए कहा था, जिसको उन्होंने स्वीकार नहीं किया था। उन्होंने कहा कि ऊना नगर के ऐतिहासिक पृष्ठ भूमि को देखते हुए, ऊना नगर को साहिब का खिताब दिया जाना चाहिए और ऊना का नाम बदल कर ऊना साहिब किया जाना चाहिए।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App