ओबीसी निगम ने पढ़ाए 234 बच्चे

By: Oct 21st, 2018 12:01 am

जरूरतमंदों को उच्च शिक्षा के लिए 64378063 रुपए के ऋण देकर दी सुविधा

कांगड़ा – अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के गरीब परिवारों से संबंध रखने वाले 234 बच्चों को हिमाचल प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम ने पढ़ाई करवाई है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से संबंध रखने वाले ओबीसी परिवार के इन बच्चों को कम ब्याज दर यह ऋण सुविधा दी गई। दिसंबर, 2007 से निगम द्वारा शुरू किए गए शिक्षा ऋण के तहत 234 युवाआें को सुविधा प्रदान की है। इतना ही नहीं, निगम द्वारा एमबीबीएस तथा वकालत की पढ़ाई पूरी करने के बाद युवाआें को अपने क्लीनिक अथवा आफिस खोलने के लिए भी ऋण की सुविधा प्रदान की जा रही है। इससे कि ओबीसी वर्ग के जरूरतमंद परिवारों को अपना स्वरोजगार शुरू करने में भी सहायता मिल सके। जानकारी के अनुसार दिसंबर, 2007 में हिमाचल प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम ने गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आर्थिक रूप से मदद करने के लिए शिक्षा ऋण देना आरंभ किया था। इस योजना के तहत निगम द्वारा युवतियों की पढ़ाई के लिए 3.5 प्रतिशत ब्याज तथा युवकों की पढ़ाई के लिए चार प्रतिशत ब्याज की दर पर शिक्षा ऋण दिया जा रहा है। इस वर्ष भी शिक्षा के अलावा अन्य रोजगार शुरू करने के लिए ओबीसी परिवार के 89 ऋण मामलों को स्वीकृति की है। अप्रैल, 2018 से लेकर 17 अक्तूबर, 2018 तक इन मामलों को स्वीकृति प्रदान करते हुए निगम ने दो करोड़ 69 लाख 92 हजार रुपए ऋण बांटे हैं। हिमाचल प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध निदेशक अश्वनी राजशाह ने बताया कि निगम द्वारा ओबीसी के युवाआें के लिए विभिन्न कम ब्याज दरों पर ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है। निगम ने दिसंबर, 2007 से 17 अक्तूबर, 2018 तक 234 युवाआें को 64378063 रुपए के शिक्षा ऋण बांटे हैं।

इन जिलों में, इतने छात्रों को लाभ

जिला      छात्र       जारी राशि

कांगड़ा    186       51372963

मंडी       14         4319000

ऊना       13         2963600

हमीरपुर   10         2981500

सिरमौर    06         1306000

बिलासपुर 02         500000

कुल्लू      01         400000

शिमला    01         140000

चंबा       01         395000

कुल       234        64378063


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App