केंद्र से मांगा अतिरिक्त बजट

By: Oct 10th, 2018 12:01 am

चंडीगढ़ प्रशासन ने वित्त मंत्रालय को प्वाइज्ड बजट भेज कर की 350 करोड़ की अधिक मांग

चंडीगढ़ —चंडीगढ़ प्रशासन ने केंद्रीय वित्त मंत्रालय को प्वाइजड बजट भेज कर लगभग 350 करोड़ रुपए अतिरिक्त दिए जाने की मांग की है। इसमें से 185 करोड़ रुपए नगर निगम के लिए मांगे गए हैं। ज्ञात रहे कि गत फरवरी माह में संसद में घोषित बजट में चंडीगढ़ प्रशासन को  4511.91 करोड़ रुपए मिले थे। इसमें से 4006.88 करोड़ रुपए रेवेन्यू हैड के तहत और 505.03 करोड़ रुपए कैपिटल हैड के तहत दिए गए थे, जबकि चंडीगढ़ प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए केंद्र सरकार से 5908 करोड़ का बजट मांगा था, जबकि उसे  23.64 प्रतिशत कम बजट दिया गया। इसके कारण प्रशासन व निगम के अनेक महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट रुक गए थे। चंडीगढ़ के वित्त वर्ष 2017-18 के लिए 4312 करोड़ बजट और रिवाइज्ड बजट में 380 करोड़ रुपए दिए गए थे। इसमें से प्रशासन अब  मात्र 85 प्रतिशत बजट इस्तेमाल कर सका, जिसके चलते चालू वित्त वर्ष के बजट में कटौती की गई थी। प्रशासन ने जो रिवाईजड बजट भेजा है उसमें निगम के अतिरिक्त बिजली खरीद के लिए 102 करोड़ रुपए मांगे हैं। प्रशासन का कहना है कि इसमें से अधिकांश राशि वह गर्मियों में अतिरिक्त बिजली खरीद पर खर्च भी कर चुका है। प्रशासन ने बजट में रुके पडे़ विभिन्न विकास कार्यों के लिए 33 करोड़ रुपए मांगे हैं।  यह राशि सेक्टर 48 में सरकारी घरों के निर्माण, सेक्टर 48 में प्रस्तावित 10 बिस्तर वाले अस्पताल के लिए अधिग्रहण की जाने वाली भूमि मुआवजे के आदि के लिए मांगे गए हैं। प्रशासन को रिवाइजड बजट तभी मिलेगा अगर उसने अब तक आबंटित बजट का करीब 50 प्रतिशत खर्च किया है। सूत्रों के अनुसार रिवाईजड बजट के साथ प्रशासन ने अब तक खर्च किए गए 58 प्रतिशत बजट का ब्यौरा भी भेजा है। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि चंडीगढ़ के प्रशासक के निर्देशों पर निगम के लिए अतिरिक्त राशि की मांग की गई है, क्योंकि वित्तीय संकट के चलते उसके सारे काम व ठेकेदारों के बिल रुके पड़े हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App