खास को तो मिल सकती है कुर्सी

By: Oct 23rd, 2018 12:15 am

प्रदेश में निगम-बोर्डों में ताजपोशी को लेकर बोले पूर्व मुख्यमंत्री धूमल

पालमपुर  – प्रदेश में निगम व बोर्डों में सभी लोगों को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष नहीं बनाया जा सकता है। फिर भी जिन लोगों का पार्टी के लिए महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है, उन्हें ऐसे पदों में बिठाया जा सकता है। पालमपुर में धौलाधार समिति के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने पत्रकारों से सवालों के जवाब में यह बात कही। नगरों के नाम बदलने के बारे में उन्होंने कहा कि कुछ ऐतिहासिक नगरों का नाम बदला जा सकता है, जबकि शिमला के नाम बदलने पर उन्होंने कहा कि इस बारे में शिमला के लोग अधिक जानते हैं, लेकिन अंतिम फैसला सरकार का होगा। उन्होंने जयराम सरकार के आठ माह के कार्यकाल पर कहा कि कुछ महीनों के काम का आकलन करना अभी उचित नहीं है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पहले बजट में की गई 32 घोषणाएं के धरालत पर उतरने से लोगों को काफी लाभ मिलेगा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री  धूमल ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में प्रदेश में भाजपा चारों सीटें जीतेगी। केंद्र में विपक्षी पार्टियां कितना भी महागठबंधन बना लें, लेकिन महागठबंधन  आखिर में बिखर ही जाएगा। वहीं, उन्होंने धौलाधार सेवा समिति के सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जहां यह संस्था शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम कर रही है, वहीं समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। वह दिन दूर नहीं, जब इस संस्था के 100 नहीं, बल्कि 1000 सदस्य होंगे। धौलाधार सेवा समिति के पैट्रन रविंद्र रवि ने भी समारोह को संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री रविंद्र रवि, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदु गोस्वामी, पूर्व विधायक डा. शिव कुमार, संजीव सोनी व संजीव राणा भी मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App