चौक-चौराहों पर चर्चाओं से बचो

By: Oct 10th, 2018 12:10 am

ऊना—हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय भाजपा कार्यकर्ता सम्मलेन के अंतिम दिन बतौर मुख्यातिथि पहुंचे पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं व नेताओं को चौराहे पर केंद्र व प्रदेश सरकारों की आलोचना से बचने की नसीहत दी। प्रेम कुमार धूमल ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ता गली, मोहल्ले व चौराहे पर पॉजिटीव टाकिंग से माहौल में ऊर्जा व उत्साह लाएं। कोटला कलां में हमीरपुर हलके के 17 विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे पदाधिकारियों व नेताओं को प्रेम कुमार धूमल ने मोदी सरकार को फिर से सत्ता में लाने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों के साथ घर-घर पहुंचे। जनता के बीच रहकर उसकी समस्याओं का समाधान करें। जन हितैषी नीतियों को पात्र तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि देश ही नहीं, बल्कि विश्व ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का लोहा माना है। भारत अन्य देशों के लिए रोल मॉडल बन रहा है। कार्यकर्ता अति उत्साह में न आए, बल्कि आत्मविश्वास के साथ जनता के बीच जाए। केंद्र सरकार ने देश के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्यक्रम शुरू किए है। देश के सैनिकों व पूर्व सैनिकों को वन रैंक-वन पैंशन का लाभ दिया है। आयुष्मान भारत स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांतिकारी बीमा योजना है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सभी चारों लोक सभा सीटों को जीतकर नरेंद्र मोदी को फिर से देश का प्रधान मंत्री बनाने में अपना अहम योगदान देगा। प्रेम कुमार धूूमल ने कहा कि देश व प्रदेश में सरकारें रिपीट होने से विकास की गति तेज होती है तथा विकास कार्य लगातार आगे बढ़ते हैं। दूसरे सत्र में ‘अपना बूथ, सबसे मजबूत’ विषय पर प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कार्यकर्त्ताओं का मार्ग दर्शन किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा भी  उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App