दुष्कर्म आरोपी पति को भगाने का प्रयास

By: Oct 29th, 2018 12:01 am

लुधियाना -लुधियाना में अदालत में पेशी पर लाए गए दुष्कर्म के आरोपित बलविंदर सिंह को उसकी पत्नी ने पुलिस से छुड़वाने का प्रयास किया है। आरोपित पत्नी ने हथकड़ी लगाकर ले जा रहे सिपाही को धक्का मारा, लेकिन उसने हथकड़ी नहीं छोड़ी। पुलिस ने पति-पत्नी दोनों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित बलविंदर सिंह पहले भी भागने का प्रयास कर चुका है। सिपाही जोरावर सिंह ने बताया कि वह पुलिस लाइन में तैनात है। उसकी ड्यूटी जेल से बंदी लाकर अदालत में पेश करने के लिए लगी थी। वह बलविंदर को दोपहर साढ़े 12 बजे जज सोनिया किनरा की अदालत में पेश करने के बाद वापस ला रहा था। इसी दौरान बलविंदर सिंह की पत्नी किरनदीप कौर उसे रोटी खिलाने ले जाने की जिद करने लगी, जब उसे मना किया तो महिला ने उसे धक्का दिया और हथकड़ी से छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान एएसआई सुरिंदरपाल सिंह ने बलविंदर सिंह को पकड़ लिया। सिपाही जोरावर सिंह के अनुसार बलविंदर पहले भी सिविल अस्पताल से भागने का प्रयास कर चुका है। पुलिस ने दंपती के खिलाफ थाना डिवीजन पांच में पुलिस कार्रवाई में विघ्न डालने, पुलिस से हाथापाई करने और जान से मारने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि बलविंदर सिंह और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App