दो दिन में होगी रोहतांग की सैर

By: Oct 3rd, 2018 12:01 am

मनाली प्रशासन का दावा, मौसम साफ रहा तो सैलानियों के लिए खोल दिया जाएगा दर्रा

मनाली – बर्फ से लदे रोहतांग दर्रे की सैर जल्द ही सैलानी कर पाएंगे। मंगलवार को एसडीएम मनाली की अध्यक्षता में एक टीम ने दर्रे का जायजा लिया है। इस दौरान बीआरओ के अधिकारियों को प्रशासन ने कहा है कि जल्द से जल्द दर्रे को सैलानियों के लिए खोला जाए। हलांकि बीआरओ ने दो दिन का समय प्रशासन से मांगा है। बीआरओ के अधिकारियों का कहना है कि दर्रे पर पार्किंग स्थल के साथ-साथ कुछ क्षेत्रों पर हिमखंड गिरने का खतरा बना हुआ है, ऐसे में यहां से बर्फ  हटाने के बाद ही सैलानियों को रोहतांग दर्रे की तरफ भेजा जाएगा। 13050 हजार फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे के दीदार को जहां मनाली पहुंचे सैलानी बेताब हैं, वहीं प्रशासन ने अभी सैलानियों को राहतांग जाने की अनुमति नहीं दी है। फिलहाल सैलानी गुलाबा तक ही पहुंच पा रहे हैं। सैलानियों का कहना है कि मनाली आने के बाद रोहतांग न देख पाना सबसे खराब अनुभव है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही सैलानियों के लिए रोहतांग दर्रा खोल देगा। रोहतांग दर्रे  पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद जल्द ही सैलालियों के वाहन भी यहां से गुजरेंगे। उधर, रोहतांग दर्रे का जायजा लेकर लौटे एसडीएम मनाली रमन घरसंघी ने बताया कि बीआरओ ने दो दिन के भीतर सैलानियों के लिए रोहतांग दर्रे को बहाल करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि राहनीनाला के समीप कुछ स्थलों पर सड़क काफी खराब है। यहां पर फिसलने का खतरा लगातार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्होंने बीआरओ को इन स्थलों की हालत को सुधारने के लिए कहा है। श्री घरसंघी ने कहा कि बीआरओ अगर समय पर अपना काम कर देता है, तो दो दिन बाद प्रशासन भी रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए खोल देगा। उल्लेखनीय है कि रोहतांग दर्रे पर सितंबर में  भारी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया था और पांच फुट से अधिक बर्फबारी होने से दर्रे पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई थी।  मंगलवार को मनाली प्रशासन ने भी रोहतांग दर्रे का जायजा लिया है। बीआरओ ने प्रशासन को साफ कहा है कि अगर मौसम ने उनका साथ दिया तो दो दिनों के भीतर वह रोहतांग सैलानियों के लिए

खोल देंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App