पहाड़ों पर 26 को बारिश-बर्फबारी

By: Oct 21st, 2018 12:01 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान; बढ़ेगी ठंड, मैदानों में खिलेगी धूप

शिमला – हिमाचल के किन्नौर , लाहुल-स्पीति, कुल्लू, मंडी, चंबा और शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 26 अक्तूबर को हिमपात होगा। शिमला, मंडी, कुल्लू, सिरमौर, चंबा, सोलन में गर्जन के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग ने राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट की उम्मीदें जताई हैं,जबकि राज्य के मैदानी इलाकों में 26 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। बीते 24 घंटों के दौरान कुकुमसेरी में ताजा हिमपात हुआ और रोहड़ू, पूह, जंजहैली में बारिश रिकार्ड की गई है। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। खास तौर पर राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। केलांग का न्यूनतम तापमान अभी से माइनस डिग्री में चल रहा है। कल्पा में 1.0, मनाली में 3.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अक्तूबर माह के मध्य में ही तापमान के इतना लुढ़कने से सुबह व शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। ऊना, नाहन, केलांग को छोड़कर शेष हिमाचल के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। चंबा में सबसे अधिक 2.0 डिग्री तक पारा लुढ़का है। इसके अलावा शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला और सोलन में 1.1 डिग्री तक पारा गिरा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मध्य उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 26 अक्तूबर को बारिश-बर्फबारी होगी। मैदानी इलाकों में 26 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इसमें करवट आने से राज्य में शीतलहर का प्रकोप बढ़ जाएगा।

कहां, कितना रहा तापमान

राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 20.5, सुंदरनगर में 27.8, भुंतर में 26.5, कल्पा में 16.0, धर्मशाला में 23.6, ऊना में 32.5, नाहन में 27.0, सोलन में 24.0, कांगड़ा में 29.1, बिलासपुर में 27.8, केलांग में 10.5, हमीरपुर में 27.5, चंबा में 24.8 और डलहौजी में 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App