बालीवुड की उमराव जान… रेखा

By: Oct 10th, 2018 12:05 am

जन्मदिन विशेष

बालीवुड में रेखा को एक ऐसी अभिनेत्री के तौर पर शुमार किया जाता हैं जिन्होंने अभिनेत्रियों को फिल्मों में परंपरागत रूप से पेश किए जाने के तरीके को बदलकर अपने बिंदास अभिनय से दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाई। मद्रास में दस अक्तूबर, 1954 को जन्मी रेखा (मूल नाम भानुरेखा गणेशन) को अभिनय की कला विरासत में मिली। उनके पिता जैमिनी गणेशन अभिनेता और मां पुष्पावली जानी मानी फिल्म अभिनेत्री थीं। घर में फिल्मी माहौल से रेखा का रूझान फिल्मों की ओर हो गया और वह भी अभिनेत्री बनने के ख्वाब देखने लगीं। रेखा ने अपने करियर की शुरूआत बाल कलाकार के रुप में 1966 में प्रदर्शित तेलुगु फिल्म रंगुला रतनम से की। अभिनेत्री के रूप में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कन्नड़ फिल्म ॑गोदाली सीआईडी 999 से की। फिल्म में उनके नायक की भूमिका सुपरस्टार डा. राजकुमार ने निभाई थी। हिंदी फिल्मों में रेखा ने अनजाना फिल्म से अपने अभिनय की शुरूआत की। इस फिल्म में अभिनेता विश्वजीत के साथ उनका चुंबन दृश्य विवाद में पड़ गया, जिसे देखते हुए फिल्म को सेंसरबोर्ड द्वारा स्वीकृत नहीं किया गया। अरसे बाद यह फिल्म दो शिकारी के नाम से प्रदर्शित हुई। बतौर अभिनेत्री के रूप में उनके सिने करियर की शुरूआत 1970 में प्रदर्शित फिल्म सावन भादों से हुई। फिल्म में उनके नायक की भूमिका नवीन निश्चल ने निभाई। यह फिल्म टिकट खिडकी पर सुपरहिट साबित हुई और रेखा के अभिनय को भी सराहा गया। वर्ष 1976 में प्रदर्शित फिल्म दो अनजाने उनकेकरियर की महत्त्वपूर्ण फिल्म साबित हुई। सही मायनों में अभिनेत्री के रूप में उनकी यह पहली फिल्म थी। इस फिल्म में पहली बार उन्हें अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का मौका मिला। वर्ष 1981 में रेखा की एक और महत्त्वपूर्ण फिल्म उमराव जान प्रदर्शित हुई। मिर्जा हादी रूसवा के मशहूर उर्दू उपन्यास उमराव जान पर आधारित इस फिल्म में उन्होंने उमराव जान का किरदार निभाया। इस किरदार को रेखा ने इतनी संजीदगी से निभाया कि सिने दर्शक आज भी उसे भूल नहीं पाए हैं। इस फिल्म के सदाबहार गीत आज भी दर्शकों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देते हैं। वर्ष 1981 में प्रदर्शित फिल्म सिलसिला रेखा की उल्लेखनीय फिल्मों में शामिल की जाती है। माना जाता है कि यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और रेखा के बीच रिश्ते को रूपहले पर्दे पर पेश किया गया। हालांकि फिल्म टिकट खिड़की पर अधिक कामयाब नही रही लेकिन दर्शकों का मानना है कि यह उनकी उत्कृष्ट फिल्मों में एक है। वर्ष 1988 में प्रदर्शित फिल्म ॑खून भरी मांग रेखा की सुपरहिट फिल्मों में शुमार की जाती है। इस फिल्म के लिए रेखा सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App