बीके अग्रवाल हिमाचल के मुख्य सचिव

By: Oct 1st, 2018 12:03 am

लंबी माथापच्ची के बाद जयराम सरकार ने वरिष्ठता को दिया अधिमान

शिमला  -हिमाचल सरकार ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बृज कुमार अग्रवाल को मुख्य सचिव नियुक्त किया है। लंबी माथापच्ची के बाद जयराम सरकार ने वरिष्ठता को अधिमान देते हुए बीके अग्रवाल के नाम पर मुहर लगाई। रविवार को अधिसूचना जारी होने के तुरंत बाद बीके अग्रवाल ने कार्यभार संभाल लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास में उनकी महत्त्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान सीएस की रेस में शामिल रहे सीएम के प्रधान सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी भी उपस्थित रहे। बताते चलें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बीके अग्रवाल के नाम पर शुक्रवार को ही मुहर लगा दी थी। शनिवार को मुख्य सचिव विनीत चौधरी की सेवानिवृत्ति के चलते नए सीएस की नोटिफिकेशन को लेकर हर किसी की नजरें बनी हुई थीं। बावजूद इसके सीएस नियुक्ति की नोटिफिकेशन रविवार दोपहर 12 बजे जारी हुई। इससे पहले ओकओवर में सुबह 10 बजे बीके अग्रवाल और डा. बाल्दी को बुलाया गया था। कार्मिक विभाग के सचिव प्रबोध सक्सेना और सीएम के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय कुंडू को भी इसी दौरान ओकओवर से न्योता मिल गया। इन चारों प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने अपना फैसला सुनाते हुए आगे की रणनीति के तहत गुड गवर्नेंस में जुट जाने के आदेश भी पारित कर दिए। बताते चलें कि करीब 33 साल पहले सिरमौर के पच्छाद से प्रशासनिक सेवाओं का सफर शुरू कर अग्रवाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार के कई अहम पदों पर सेवाएं दी हैं। फूड कारपोरेशन आफ इंडिया  में बेहतरीन सेवाओं के चलते केंद्र सरकार में अच्छी पैठ बनाने के बाद उनकी लंबे समय बाद हिमाचल में वापसी हुई है। बीके अग्रवाल ने पांच महीने पहले तीन मई, 2018 को राज्य सरकार में ज्वाइनिंग दी है। पांच साल तक ऊना तथा कांगड़ा जिला में डीसी रहे श्री अग्रवाल ईमानदारी और सादगी के उदाहरण हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार की अधिसूचना के तहत बीके अग्रवाल को रविवार को यहां मुख्य सचिव नियुक्त किया गया। बीके अग्रवाल 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक अधिकारी हैं। वह अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह तथा विजिलेंस), अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण), वित्तीय आयुक्त (अपील) तथा आवासीय आयुक्त, नई दिल्ली का आवासीय आयुक्त का कार्य भी संभाल रहे हैं। बीके अग्रवाल ने भारत सरकार तथा हिमाचल प्रदेश सरकार के विभिन्न पदों पर सेवा प्रदान की है। उन्होंने जिला ऊना व जिला कांगड़ा के उपायुक्त का कार्यभार भी संभाला है। वह पर्यटन आयुक्त, जिला कांगड़ा के मंडलीय आयुक्त भी रहे। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिक के सचिव तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के प्रधान सचिव का कार्यभार भी संभाला। इसके अतिरिक्त वह उत्तर प्रदेश में भारतीय खाद्य निगम के महाप्रबंधक भी रहे हैं। वह भारतीय सरकार के आवासीय एवं शहरी मामले मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर भी रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App