बीमारी से परेशान महिला कुएं में कूदी

By: Oct 29th, 2018 12:05 am

ऊना—ऊना जिला के अंतर्गत अजनोली में किडनी, रसौली की बीमारियों से जूझ रही विवाहित महिला ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान वीना देवी (32) पत्नी अश्वनी कुमार निवासी अजनोली के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।  पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीना देवी ने करीब चार माह पहले ही बेटे को जन्म दिया था। महिला का प्रसव आपरेशन (सिजेरियन) से हुआ था। बेटे के जन्म के करीब एक माह बाद ही इस महिला के पेट में दर्द उठना शुरू हुआ। जिसके चलते परिजनों ने बाकायदा इसका चैकअप करवाया। चैकअप के दौरान परिजनों को पता चला कि महिला किडनी, रसौली की बीमारी की चपेट में है। वहीं, परिजनों ने महिला का उपचार शुरू करवाया था। ऊना अस्पताल और पीजीआई चंडीगढ़ में महिला का उपचार चल रहा था। लेकिन अपनी बीमारियों के दर्द से यह महिला बुरी तरह से परेशान थी। जब भी महिला के पेट में दर्द उठता तो वह हमेशा ही भगवान से मौत मांगती थी।  बताया जा रहा है कि बीमारियों के चलते महिला मानसिक रूप से भी परेशान रहने लगी थी। जिसके चलते महिला ने घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूरी पर स्थित कुएं में सुबह ही छलांग लगा दी। वहीं, लेकिन इसका किसी को भी पता नहीं चल पाया। वहीं, सुबह के समय जब विवाहिता का पति उठा तो उसने देखा कि उसकी पत्नी घर में नहीं है। उन्होंने अपने परिजनों से भी पूछा। लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। वहीं, उसके बाद इधर-उधर अपनी पत्नी की तलाश शुरू की। साथ ही घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर कुएं में भी तलाश की तो वहां पर महिला की लाश मिली। हादसे की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने ससुराल पक्ष और मृतका के मायके पक्ष के बयान कलमबद्ध किए। साथ ही आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।  उधर, इस बारे में डीएसपी हैडक्वार्टर अशोक वर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App