मंच पर राणा ने छुए धूमल के पांव

By: Oct 8th, 2018 12:10 am

सुजानपुर —उपमंडल सुजानपुर की पंचायत ऊहल में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में रविवार को एक बार फिर गुरु और चेले में भेंट हो गई। गुरु और चेले की इस भेंट में गुरु ने चेले को आशीर्वाद देकर निहाल कर दिया। ये गुरु और चेला और कोई नहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा हैं। बताते चलें कि रविवार को सुजानपुर विस क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा लोगों को घरद्वार पर सुविधाएं प्राप्त हों, इसके उद्देश्य से जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जनमंच कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि प्रदेश सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने शिरकत की। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके साथ ही सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने भी इस कार्यक्रम में विधायक होने के नाते शिरकत की। निर्धारित समय के अनुसार जनमंच कार्यक्रम सुबह दस बजे शुरू हो गया। मौके पर मुख्यातिथि एवं जिला प्रशासनिक अधिकारी अपनी सीटों पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनने लग पड़े। इसी दौरान करीब 11 बजे सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने इस जनमंच कार्यक्रम में शिरकत की, जैसे ही विधायक कार्यक्रम में पहुंचे, तो उनका सामना मंच पर विराजमान पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से हुआ। सुजानपुर के विधायक ने उसी दौरान अपने संस्कार दिखाते हुए स्नेहपूर्वक उनके पास पहुंचे और उनके पांव छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया। इसके बाद विधायक ने जनमंच मुख्यातिथि महेंद्र सिंह ठाकुर से भेंट की। महेंद्र सिंह ठाकुर ने विधायक का आदर सम्मान करते हुए उन्हें अपने साथ मंच पर बिठाया। मुख्यातिथि के एक तरफ विधायक राणा बैठे और दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल। बताते चलें कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में विधायक राजेंद्र राणा ने अपने राजनीतिक गुरु पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को हार का स्वाद चखाया था और उसके बाद ये दोनों कदावर नेता एक बार भी आमने-सामने नहीं हुए, लेकिन रविवार को एक बार फिर दोनों गुरु और चेला एक-दूसरे के आमने-सामने हुए। दोनों ने एक साथ एक ही मंच साझा किया। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और विधायक राजेंद्र राणा का आमना-सामना सुजानपुर उपमंडल कार्यालय में विधानसभा चुनाव के लिए नोमिनेशन करते समय हुआ था। उस दौरान भी विधायक राजेंद्र राणा ने अपने गुरु प्रेम कुमार धूमल का सम्मान करते हुए उनके चरण स्पर्श किए थे और धूमल ने गुरु होने के नाते अपने चेले को जीत का आशीर्वाद दिया था। उसके बाद विधायक राजेंद्र राणा को विधानसभा चुनाव में जीत मिल गई थी। अब एक बार फिर से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने विधायक को आशीर्वाद दिया है, अब यह आशीर्वाद आने वाले लोकसभा चुनावों में क्या रंग दिखाता है, यह तो चुनाव परिणाम ही बताएंगे, लेकिन गुरु और चेले की यह भेंट एक बार फिर से चर्चा का विषय बन गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App