मंडी में नवाजी जाएंगी विभूतियां

By: Oct 1st, 2018 12:03 am

महोत्सव में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता पर मिलेगा सम्मान

मंडी —ऐतिहासिक सेरी मंच एवं संकन गार्डन में आयोजित होने वाले मंडी महोत्सव में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। मंडी महोत्सव के संयोजक गौरव शर्मा ने बताया कि समारोह की चयन समिति की ओर से नामों की घोषणा कर दी गई है। इसमें साहित्य के लिए पं. भवानी दत्त शास्त्री मांडव्य रत्तन पुरस्कार हिमाचल के वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. सुंदर लोहिया को, शौर्य एवं देश सेवा का मांडव्य रत्तन पुरस्कार कारगिल हीरो सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर, डा. नीलमणि उपाध्याय शिक्षा मांडव्य रत्तन पुरस्कार सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रियव्रत बिष्ट, पत्रकारिता के लिए स्व. हुताशन शास्त्री स्मृति पुरस्कार वरिष्ठ पत्रकार हेमकांत कात्यायन, खेल के लिए मांडव्य रत्तन बाबूराम चौहान स्मृति पुरस्कार राष्ट्रीय खिलाड़ी सुनील कुमार, समाज सेवा के लिए तरुण भंडारी स्मृति पुरस्कार डा. दिनेश वशिष्ठ व पुरातत्व के लिए स्व. चंद्रमणि कश्यप स्मृति पुरस्कार डा. कमल प्यासा को दिया जाएगा। इसके अलावा कृतज्ञ स्मृति और रिदम स्मृति बाल कलाकार पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं। पुरस्कार चयन समिति के सदस्यों प्रो. रमेश रवि, दीनू कश्यप, मुरारी शर्मा, बीरबल शर्मा, हेमंत कुमार, डीपी कपूर ने रविवार को इन नामों पर चर्चा के बाद यह निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि मंडी महोत्सव के लिए भाषा एवं संस्कृति विभाग के सौजन्य से आयोजित कार्यशाला भी संपन्न हो गई है।

पहली बार तुंगल नाटी बनेगी आकर्षण

मंडी महोत्सव में पहली बार तुंगल क्षेत्र के प्रतिनिधि लोकनृत्य तुंगल नाटी का प्रदर्शन किया जाएगा। करीब सौ साल पुराने इस जोश भरे नृत्य को लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। इससे लुप्त हो रहे इस नुत्य को मंडी महोत्सव में मंच प्रदान किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App