मनाली-लेह रोड 17 घंटे बंद

By: Oct 8th, 2018 12:03 am

केलांग —मनाली-लेह सड़क 17 घंटे यातायात के लिए ठप रही। शनिवार देर रात लाहुल के गैमूर गांव के समीप पहाड़ी से जहां सड़क पर मलबा गिर गया, वहीं एक बड़ी चट्टान भी सड़क पर आ गिरी। ऐसे में लेह की तरफ से आ रहे सैलानियों को यहां गाडि़यों में ही रात गुजारने पड़ी। रविवार सुबह जैसे ही प्रशासन को यह पता चला कि मनाली-लेह मार्ग भूस्खलन के कारण गैमूर के पास बंद हो गया है। प्रशासन ने बीआरओ की मदद से सड़क पर यातायात बहाल करवाया। हालांकि बीआरओ को भी इस मार्ग को बहाल करने में खासी कसरत करनी पड़ी। रात करीब 12 बजे से बंद चल रहे मनाली-लेह मार्ग को रविवार शाम पांच बजे बहाल किया गया। इस बीच कुछ सैलानियों ने तो गैमूर गांव पहुंच कर जहां ग्रामीणों से मदद मांगी और उनके घर में खाना खाया। वहीं, बीआरओ ने भी सड़क पर पड़ी चट्टान को ब्लास्टिंग कर तोड़ा। बीआरओ के कमांडर कर्नल एके अवस्थी का कहना है कि मनाली-लेह मार्ग पर गैमूर के पास पहाड़ी से मलबा व बड़ी चट्टान गिरने से यातायात प्रभावित हो गया था। बीआरओ के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल करवाया। उल्लेखनीय है कि केलांग से करीब 18 किलोमीटर दूर मौजूद गैमूर गांव के समीप शनिवार देर रात अचानक पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि उस समय सड़क से कोई भी वाहन गुजर नहीं रहा था। रात को लेह की तरफ से मनाली लौट रहे सैलानियों का काफिला सड़क बंद होने से गैमूर में फंस गया। इस दौरान सैलानियों को मजबूरन रात गाड़ी में ही बितानी पड़ी। हालांकि रविवार सुबह जैसे ही प्रशासन को सड़क के बंद होने की जानकारी मिली, प्रशासन ने बीआरओ के मदद से मार्ग को बहाल करवाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App