राजकीय सम्मान से होगा पूर्व मुख्यमंत्री का अंतिम संस्कार

By: Oct 21st, 2018 12:02 am

नैनीताल – कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ रविवार को हल्द्वानी के चित्रशिला घाट पर किया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य तथा तमाम गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। पुलिस एवं प्रशासन ने इसके लिए सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री का पार्थिव शरीर शनिवार को लखनऊ से हवाई जहाज से पंतनगर लाया गया। इसके बाद पार्थिव शरीर को एक फूलों से सुसज्जित वाहन से पंतनगर, शांतिपुरी, लालकुआं, हल्द्वानी होते हुए काठगोदाम के सर्किट हाउस लाया गया। रविवार एक बजे तक उनके पार्थिव शरीर को आम लोगों के दर्शनों के लिए रखा जाएगा। इसके बाद शव यात्रा चित्रशिला घाट के लिए रवाना होगा। नैनीताल के जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व अनेक मंत्रीगण भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत देहरादून से पहले बागेश्वर रवाना होंगे। वहां एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे हल्द्वानी के सर्किट हाउस पहुंचेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App