रोडवेज कर्मियों को यूनियनों का समर्थन
पंजाब के कर्मचारी खट्टर सरकार की नीतियों के विरोध में
चंडीगढ़ – हरियाणा में रोडवेज कर्मियों की सात दिन से चल रही हड़ताल को पंजाब की यूनियनों ने अपना समर्थन दिया। जारी एक संयुक्त बयान में सेंटर ऑफ इंडियन यूनियन्स (सीटू) के महासचिव रघुनाथ सिंह, ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) पंजाब के निर्मल सिंह धालीवाल, इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के अध्यक्ष डा. सुभाष शर्मा, सेंट्रल ट्रेड यूनियंस (सीटीयू) पंजाब के महासचिव नाथा सिंह और ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स (एआईसीसीटीयू) के महासचिव गुलजार सिंह ने कहा कि पंजाब रोडवेज कर्मचारी हरियाणा रोडवेज के साथ हैं। बयान के अनुसार हरियाणा रोडवेज कर्मियों की हड़ताल मनोहर लाल खट्टर सरकार की रोडवेज का पिछले दरवाजे से निजीकरण करने की नीतियों के खिलाफ है। बयान में हरियाणा सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और रैलियां करने का आह्वान किया गया है।
हरियाणा की बसें न चलाने की चेतावनी
यूनियनों ने कहा है कि पंजाब रोड्स, पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) और चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग के कर्मचारी हरियाणा रोडवेज की बसें चलाने नहीं जाएंगे। यह भी कहा गया है कि यदि खट्टर सरकार ने हड़ताली कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद नहीं किया और निकाले गए कर्मचारियों को बहाल नहीं किया गया, तो पंजाब के कर्मचारी भी हरियाणा रोडवेज के हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में राज्यव्यापी संघर्ष शुरू करेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App