लोगों की समस्याओं की न करें अनदेखी

By: Oct 18th, 2018 12:05 am

ऊना —ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल रायजादा ने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर न केवल भाजपा के मुख्यमंत्री हैं बल्कि पूरे प्रदेश की जनता के मुख्यमंत्री हैं। लेकिन मुख्यमंत्री की ओर से यह कहना हैरानी भरा है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने केवल भाजपा के कार्यकर्ताओं के काम करवाने के लिए ही कहा गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से भाजपा के अलावा कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के लोगों की समस्याओं का समाधान करने की भी मांग की। न कि किसी के बहकावे में आकर लोगों की समस्याओं की अनदेखी करें। बुधवार को ऊना में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विधायक सत्तपाल रायजादा ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार विकास कार्य करवाने में असफल साबित हो रही है। वहीं, आम जनता की समस्याओं का भी समाधान नहीं हो पा रहा है। वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री भाजपा के कार्यकर्ताओं के कार्यों को ही प्राथमिकता देने की बात कर रहे हैं।  सतपाल रायजादा ने कहा कि राजनीतिक दबाब के चलते सुमित की मौत के मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि अपने लाड़ले की मौत का पता चलने पर परिजनों ने जाम लगाया। लेकिन पुलिस ने मौत के मामले का पता लगाने के बजाय पीडि़त परिजनों के साथ ही 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि यदि इन लोगों के खिलाफ बनाए गए मामले पुलिस द्वारा वापस नहीं लिए गए तो जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस मीडिया प्रभारी वरुण पुरी, पार्षद सुरेंद्र पाल सहित अन्य मौजूद थे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App